2019 बंगाल चुनाव के बाद हिंसा मामले में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, कादिर मुल्ला समेत 10 गिरफ्तार

कोलकाता, 27 मई । केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बुधवार को बताया कि पश्चिम बंगाल में 2019 लोकसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा से जुड़े मामलों में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार किए गए 10 आरोपियों में अब्दुल कादर मुल्ला भी शामिल है, जो निलंबित तृणमूल कांग्रेस नेता शेख शाहजहां का सबसे भरोसेमंद सहयोगी बताया जाता है। शेख शाहजहां उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली से जुड़ा हुआ कुख्यात नेता है और फिलहाल जेल में है। उसे 5 जनवरी 2024 को अपने आवास के बाहर ईडी अधिकारियों पर हमले का मास्टरमाइंड माना गया था।

सीबीआई सूत्रों के अनुसार, यह गिरफ्तारी 8 जून 2019 को संदेशखाली क्षेत्र के नजत में हुए उस मामले से जुड़ी है, जिसमें तीन भाजपा कार्यकर्ताओं देबदास मंडल, प्रदीप मंडल और सुकांत मंडल की हत्या हुई थी।

बताया गया कि उस समय तृणमूल कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच पार्टी झंडा लगाने को लेकर झड़प हुई थी, जिसमें आरोप है कि अब्दुल कादर मुल्ला और उसके साथियों ने शेख शाहजहां के कहने पर इन लोगों की हत्या की थी।

इस मामले की शुरुआती जांच पश्चिम बंगाल पुलिस के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने की थी। हालांकि, सीआईडी द्वारा दाखिल चार्जशीट में 28 आरोपियों के नाम नहीं जोड़े गए थे, जिनमें शेख शाहजहां का नाम भी शामिल था।

इसके बाद पीड़ित परिवार ने कलकत्ता हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर सीबीआई जांच की मांग की। परिवार ने आरोप लगाया कि सीआईडी ने जानबूझकर शाहजहां और उसके सहयोगियों के नाम चार्जशीट से हटा दिए।

अदालत ने दलीलों को सही मानते हुए सीबीआई जांच के आदेश दिए थे।

सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किए गए अब्दुल कादर मुल्ला और अन्य नौ आरोपी तब से फरार चल रहे थे। अब केंद्रीय एजेंसी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement