असम में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 3.18 करोड़ रुपये की प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त; दो तस्कर गिरफ्तार

गुवाहाटी, 28 जुलाई । असम पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए श्रीभूमि जिले में दो अलग-अलग ऑपरेशनों के दौरान प्रतिबंधित कफ सिरप की 31,800 बोतलें जब्त की हैं। जब्त किए गए नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 3.18 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में नशे के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और इससे संगठित आपराधिक नेटवर्क को बड़ा झटका लग रहा है।

मुख्यमंत्री सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर श्रीभूमि पुलिस की प्रशंसा की। उन्होंने लिखा, "पूरे असम में सतर्कता के अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। श्रीभूमि पुलिस को दो सफल एंटी-ड्रग ऑपरेशन के लिए बधाई, जिनमें 3.18 करोड़ रुपये मूल्य की 31,800 प्रतिबंधित बोतलें जब्त की गईं और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। हर ऐसी कार्रवाई एक बड़े आपराधिक नेटवर्क को कमजोर करती है।"

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई खुफिया जानकारी के आधार पर की गई। राज्य में नशीले पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस टीमों ने संदिग्ध वाहनों को रोका और तलाशी ली। इस दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया गया, जिसे अवैध तरीके से परिवहन कर ले जाया जा रहा था।

पुलिस ने बताया कि जब्त की गई कफ सिरप की खेप को अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के जरिए अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई किए जाने की आशंका है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस उनसे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

इस मामले में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। जांच के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नशीली दवाओं की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

अधिकारियों ने बताया कि इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास जारी हैं। असम पुलिस पिछले कुछ वर्षों से राज्य सरकार के "ड्रग्स के खिलाफ जंग" अभियान के तहत लगातार कार्रवाई कर रही है। इस अभियान के तहत बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं और कई तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राज्य में नशे के कारोबार को खत्म करने के लिए खुफिया इनपुट और निगरानी के आधार पर अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement