नोएडा: रिटायर्ड वायु सैनिक से 2.23 करोड़ रुपए की साइबर ठगी, तीन गुना मुनाफे का लालच देकर बनाया शिकार
नोएडा में साइबर अपराधियों ने सेवानिवृत्त वायु सैनिक को शेयर मार्केट में निवेश पर तीन गुना मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 2 करोड़ 23 लाख रुपये की बड़ी ठगी को अंजाम दिया है। इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नोएडा, 30 जुलाई । नोएडा में साइबर अपराधियों ने सेवानिवृत्त वायु सैनिक को शेयर मार्केट में निवेश पर तीन गुना मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 2 करोड़ 23 लाख रुपये की बड़ी ठगी को अंजाम दिया है। इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि ठगों ने सुनियोजित तरीके से व्हाट्सएप ग्रुप और फर्जी ट्रेडिंग एप्लीकेशन के जरिए पूर्व सैनिक को अपने जाल में फंसाया।
जानकारी के मुताबिक, 73 वर्षीय सुनील कुमार आनंद नोएडा के सेक्टर-21 स्थित जलवायु विहार सोसाइटी में रहते हैं। कुछ समय पहले उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जहां शेयर बाजार में निवेश कर कम समय में कई गुना मुनाफा कमाने के दावे किए जा रहे थे। ग्रुप में मौजूद लोगों की कथित सफलता की कहानियां और लगातार भेजे जा रहे संदेशों के माध्यम से उनका विश्वास जीता गया। इसके बाद जालसाजों ने पीड़ित के मोबाइल फोन में यूपी एस्प्रेसो ट्रेडिंग नाम का एक ट्रेडिंग एप्लीकेशन इंस्टॉल कराया और उसी के माध्यम से निवेश करने के लिए प्रेरित किया।
एप्लीकेशन में लगातार बढ़ता हुआ मुनाफा दिखाया जाता रहा, जिससे पीड़ित को भरोसा हो गया कि उनका निवेश सुरक्षित है और उन्हें बड़ा लाभ मिलने वाला है। ठगों के कहने पर सुनील कुमार आनंद ने 36 दिनों के दौरान अलग-अलग बैंक खातों में कुल 2 करोड़ 23 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उन्होंने अपने निवेश की रकम और कथित मुनाफा निकालने की कोशिश की तो जालसाजों ने विभिन्न शुल्क, टैक्स और प्रोसेसिंग फीस का हवाला देते हुए उनसे पहले 62 लाख रुपये और जमा करा लिए। इसके बाद भी रकम जारी नहीं की गई और उनसे अतिरिक्त 37 लाख रुपये की मांग की गई। बार-बार पैसे मांगने पर पीड़ित को शक हुआ।
उन्होंने ठगों द्वारा दिए गए मुंबई के पते पर जाकर जांच की, जहां पता चला कि दिया गया पता फर्जी है। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि वे साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं। पीड़ित ने तत्काल साइबर क्राइम थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर संबंधित बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, व्हाट्सएप ग्रुप और फर्जी ट्रेडिंग एप्लीकेशन की जांच शुरू कर दी है। साथ ही ट्रांजैक्शन से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया, व्हाट्सएप ग्रुप या किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर किसी भी ट्रेडिंग या निवेश एप्लीकेशन को डाउनलोड न करें और अधिक मुनाफे के लालच में बिना सत्यापन के किसी भी खाते में धनराशि ट्रांसफर न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम साइबर क्राइम थाने से संपर्क करें।
Source: IANS

