त्रिपुरा में घर से कोचिंग के लिए निकली छात्रा लापता, पुलिस कर रही जांच

दक्षिण त्रिपुरा, 31 जुलाई । दक्षिण त्रिपुरा जिले में कोचिंग के लिए घर से निकली एक स्कूली छात्रा रहस्यमय तरीके से लापता हो गई। यह घटना सबरूम सब-डिविजन की थाईबुंग ग्राम पंचायत के पालपारा इलाके में हुई। इस घटना से पूरे इलाके में हलचल मच गई है।

परिवारिक सूत्रों के अनुसार, पालपारा इलाके की दो स्कूली छात्राएं गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे कोचिंग के लिए निकली थीं। दोनों काफी देर बाद भी कोचिंग सेंटर नहीं पहुंचीं और उनकी रहस्यमय बातचीत और गतिविधियों ने स्थानीय लोगों के मन में शक पैदा कर दिया। इस मामले की जानकारी तुरंत लड़कियों के परिवारों को दी गई।

खबर मिलते ही परिवार के सदस्यों ने लड़कियों की तलाश शुरू कर दी। तलाशी के दौरान, एक छात्रा के अभिभावक सबरूम रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां, अगरतला-सियालदह कंचनजंगा एक्सप्रेस के रवाना होने से ठीक पहले वे अपनी बेटी को ट्रेन से सुरक्षित उतारने में कामयाब रहे। हालांकि, दूसरी छात्रा का कोई पता नहीं चला। माना जा रहा है कि वह पहले ही कहीं और चली गई है या उसे कहीं ले जाया गया है।

लापता छात्रा के परिवार ने तुरंत सबरूम पुलिस स्टेशन में घटना की जानकारी देते हुए गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत मिलने पर सबरूम पुलिस हरकत में आ गई। शक है कि उसे प्यार के जाल में फंसाकर बहला-फुसलाकर दूसरे राज्य ले जाया गया है। पुलिस ने अभिभावकों से एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

वहीं, हाल ही में त्रिपुरा पुलिस ने अहमदाबाद से 15 से 16 साल की तीन लापता नाबालिग लड़कियों को बचाया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उनकी टीम अहमदाबाद पहुंची और गुजरात पुलिस के साथ मिलकर तीनों नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित बचाया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने और संबंधित कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड लेने के बाद सभी नाबालिग लड़कियों और आरोपी को त्रिपुरा लाया गया।

पुलिस ने बताया कि तीनों लड़कियां 29 मई को गिरफ्तार व्यक्ति के साथ ढलाई जिले में अपने घर से चली गई थीं। उनके माता-पिता ने उसी दिन पुलिस स्टेशन में उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement