अवॉर्ड शो में विवाद के बीच सलमान खान ने किया राजपाल यादव का समर्थन, बोले- 'दिल से काम करो'

मुंबई, 7 अप्रैल। बॉलीवुड इंडस्ट्री में अक्सर ऐसे मौके आते हैं, जब कलाकारों को न सिर्फ अपने काम के लिए, बल्कि निजी जिंदगी से जुड़े मामलों को लेकर भी आलोचना का सामना करना पड़ता है। हाल ही में एक अवॉर्ड शो के दौरान कुछ ऐसा ही हुआ, जब मशहूर अभिनेता राजपाल यादव को लेकर एक टिप्पणी की गई, जिसने विवाद खड़ा कर दिया। 

इस पूरे मामले में बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान खुलकर राजपाल यादव के समर्थन में सामने आए। उन्होंने न सिर्फ उनके काम की तारीफ की, बल्कि उन्हें हिम्मत भी दी कि वह इन बातों को नजरअंदाज कर आगे बढ़ें।

सलमान खान ने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबा पोस्ट साझा किया। इस पोस्ट में उन्होंने राजपाल यादव के करीब 30 साल लंबे करियर की सराहना की। 

सलमान खान ने लिखा, ''राजपाल भाई, आप 30 साल से काम कर रहे हैं और हम सबने आपको बार-बार फिल्मों में इसलिए कास्ट किया है, क्योंकि आप अपना काम अच्छी तरह जानते हैं, एक वैल्यू लाते हैं।''

सलमान ने पोस्ट में आगे लिखा, ''काम तो आपको बहुत मिलेगा और इसी डॉलर रेट पर काम मिलेगा और मिलता रहेगा, ये हकीकत है। यह याद रखना कि कभी-कभी फ्लो में कुछ निकल आता है, अगर इस पर ध्यान नहीं है तो दिमाग में रखो, दिल से काम करो, डॉलर ऊपर हो या नीचे, क्या फर्क पड़ता है। देना तो इंडिया में ही है।''

दरअसल, यह पूरा विवाद एक अवॉर्ड समारोह के दौरान शुरू हुआ, जहां शो के होस्ट ने राजपाल यादव पर तंज कसते हुए उनके पुराने केस का जिक्र कर दिया। होस्ट ने मजाक में कहा, ''डॉलर का रेट चाहे जितना ऊपर-नीचे हो जाए, आपको पैसे तो उतने ही वापस करने हैं।''

इस टिप्पणी को कई लोगों ने अनुचित और अपमानजनक करार दिया, क्योंकि यह एक संवेदनशील कानूनी मामले से जुड़ी हुई थी।

राजपाल यादव के खिलाफ एक चेक बाउंस केस दिल्ली हाईकोर्ट में चल रहा है। उन्होंने 2010 में अपनी डायरेक्टोरियल फिल्म 'अता-पता लापता' बनाने के लिए मेसर्स मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से लगभग पांच करोड़ रुपए का लोन लिया था। फिल्म आर्थिक रूप से सफल नहीं हुई, जिससे भुगतान में देरी हुई और कई चेक बाउंस हो गए। इसके बाद नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 के तहत उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement