विंबलडन से अनन्या पांडे ने साझा किया अपना ग्लैमरस लुक, तस्वीरों के साथ लिखा- 'परफेक्ट डे'

मुंबई, 12 जुलाई । बॉलीवुड अभिनेत्री अनन्या पांडे वर्तमान में अपनी फिल्मों के साथ-साथ अपने स्टाइल और सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। इस बार उन्होंने टेनिस टूर्नामेंट विंबलडन से अपनी कुछ बेहद खूबसूरत तस्वीरें और वीडियो साझा किए हैं, जिनमें उनका ग्लैमरस अंदाज लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। अनन्या ने अपने इस खास अनुभव को एक 'परफेक्ट डे' बताया है।

रविवार को अनन्या पांडे ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर विंबलडन में बिताए इन खास पलों की कई तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए। इन तस्वीरों में वह लंदन के इस प्रतिष्ठित टेनिस टूर्नामेंट का आनंद लेती हुई नजर आ रही हैं। इस पोस्ट को साझा करते हुए उन्होंने लिखा, 'विंबलडन में बिताया एक परफेक्ट दिन। आखिर तक स्वाइप करना, क्योंकि आखिरी में एक बेहद प्यारा सरप्राइज है।'

वीडियो और तस्वीरों में अनन्या रेड कलर की स्टाइलिश ऑफ-शोल्डर ड्रेस में बेहद आकर्षक नजर आ रही हैं। उन्होंने अलग-अलग अंदाज में कैमरे के सामने पोज दिए और अपने फैशन सेंस से एक बार फिर प्रशंसकों का दिल जीत लिया। अपने लुक को पूरा करने के लिए अनन्या ने बोल्ड रेड लिपस्टिक, मस्कारा, काजल और लाइट ब्लश लगाया।

पोस्ट की आखिरी तस्वीर ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। इसमें स्ट्रॉबेरी से भरा एक बॉक्स नजर आ रहा है। यही वह 'स्वीट ट्रीट' था, जिसका जिक्र अनन्या ने अपने पोस्ट के कैप्शन में किया था।

बता दें कि अनन्या पांडे विंबलडन 2026 के पुरुष एकल सेमीफाइनल मुकाबले का आनंद लेने के लिए लंदन स्थित ऑल इंग्लैंड लॉन टेनिस एंड क्रोकेट क्लब पहुंची थीं। हर साल की तरह इस बार भी विंबलडन में दुनिया भर की कई नामी हस्तियों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। खेल के साथ-साथ सेलिब्रिटीज के फैशन और स्टाइल की भी खूब चर्चा हो रही है।

अगर अनन्या पांडे के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह हाल ही में करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी फिल्म 'चांद मेरा दिल' में अभिनेता लक्ष्य के साथ नजर आई थीं। 22 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म में कॉलेज के दो प्रेमियों की कहानी दिखाई गई थी, जिनका रिश्ता समय के साथ नई जिम्मेदारियों और जीवन की चुनौतियों का सामना करते हुए कई उतार-चढ़ाव से गुजरता है। फिल्म में अनन्या के अभिनय को दर्शकों ने सराहा था।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement