पूजा भट्ट ने शेयर की बचपन की अनदेखी तस्वीर, लिखा- पुरानी तस्वीरों में होती है कुछ अनोखी बात

मुंबई, 27 मई । अभिनेत्री व निर्माता पूजा भट्ट अभिनय की दुनिया से ब्रेक लेकर पॉडकास्ट की ओर केंद्रित हैं। बुधवार को उन्होंने बचपन के दिनों को याद करते हुए एक तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की।

इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर में पूजा भट्ट अपने बचपन दोस्तों के साथ नजर आ रही हैं। पूजा ने तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, "पुरानी तस्वीरों में कुछ अजीब और अनोखी बात होती है। कभी-कभी वे सिर्फ बीते हुए एक पल को अपने अंदर समेट लेती हैं…और कभी-कभी…वे हमारे आने वाले कल यानी भविष्य की एक छोटी सी झलक भी दिखा देती हैं।"

पूजा भट्ट की इस पोस्ट पर उनके फैंस कमेंट कर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ यूजर्स उनके बचपन की मासूमियत की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ उनके कैप्शन की सराहना कर हे हैं।

पूजा भट्ट 90 के दशक की मशहूर अभिनेत्री हैं। 1990 के दशक में हिंदी सिनेमा में अपनी एक खास पहचान बनाने वाली अभिनेत्री पूजा भट्ट ने मात्र 17 साल की उम्र में अपने पिता के निर्देशन में बनी फिल्म 'डैडी' (1989) से डेब्यू किया था, जिसके लिए उन्हें 'सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेत्री' का लक्स न्यू फेस ऑफ द ईयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

इसके बाद पूजा ने 'दिल है कि मानता नहीं' (1991), 'सड़क' (1991), 'सर' (1993) और 'जख्म' (1998) जैसी फिल्मों में अभिनय कर दर्शकों के बीच काफी लोकप्रियता हासिल की। अभिनय के अलावा, उन्होंने 'पाप' (2003) और 'जिस्म 2' (2012) जैसी फिल्मों का निर्देशन भी किया है।

हालांकि, समय के साथ अभिनेत्री ने अपने करियर की दिशा में थोड़ा बदलाव किया। अभिनय की दुनिया से थोड़ा ब्रेक लेकर वह डिजिटल स्पेस में सक्रिय हैं।

उन्होंने 'बिग बॉस ओटीटी 2' (2023) में एक मजबूत प्रतियोगी के रूप में हिस्सा लिया था और इन दिनों वह पॉडकास्ट के जरिए लोगों से जुड़ रही हैं, जहां वह जिंदगी, समाज और सिनेमा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर खुलकर बात करती हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement