बकरीद पर मां को याद कर सुजैन खान का छलका दर्द, अली फजल ने चाहने वालों के लिए की बेहतर कल की कामना

मुंबई, 28 मई । बकरीद का त्योहार हमेशा खुशियों, परिवार और अपनों के साथ बिताए खूबसूरत पलों के लिए जाना जाता है। इस खास मौके पर एक तरफ बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन की पूर्व पत्नी और इंटीरियर डिजाइनर सुजैन खान ने अपनी दिवंगत मां जरीन खान को याद करते हुए एक पोस्ट शेयर किया। दूसरी तरफ अभिनेता अली फजल ने भी तस्वीरें पोस्ट कर लोगों को बधाई दी।

सुजैन खान ने इंस्टाग्राम पर मां जरीन खान की याद में कई तस्वीरें पोस्ट कीं। इन तस्वीरों में जरीन खान परिवार के साथ मुस्कुराती दिखाई दे रही है। कुछ तस्वीरों में मां-बेटी का खूबसूरत बॉन्ड भी देखने को मिल रहा है। एक तस्वीर में सुजैन अपनी मां के साथ बाहर लंच करती हुई नजर आ रही हैं। दूसरी तस्वीर में दोनों किसी पार्टी में दिख रही हैं। पोस्ट में कुछ पुरानी ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरें भी थीं, जिनमें बचपन की यादें कैद थीं।

इन तस्वीरों के साथ सुजैन ने कैप्शन में अपनी मां को 'सुपर ट्रूपर' बताते हुए ईद की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, ''मेरी मां अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन परिवार उन्हें हर पल महसूस करता है। मां ने जिंदगी में जो सीख दी, वह हमेशा हमारे दिल में जिंदा रहेगी।''

सोशल मीडिया पर लोगों ने सुजैन की पोस्ट पर ढेर सारे कमेंट्स किए। कई लोगों ने उनकी मां को श्रद्धांजलि दी, तो कई फैंस ने दिल और दुआ वाले इमोजी के जरिए अपना प्यार जताया।

दूसरी ओर, अभिनेता अली फजल ने भी ईद के मौके पर अपनी एक तस्वीर साझा की। पोस्ट में अली बेहद सादगी भरे अंदाज में नजर आए। उन्होंने परिवार और अपने करीबियों के साथ बिताए पलों को फैंस के साथ शेयर किया।

अली फजल ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में ईद की शुभकामनाएं देते हुए कहा, ''मैं अपने परिवार के साथ हूं और दुनिया भर के उन सभी परिवारों का शुक्रिया अदा करता हूं, जिन्होंने मुझे इतना प्यार दिया कि मैं जहां भी जाता हूं, हर जगह अपनापन महसूस करता हूं।''

उन्होंने आगे लिखा, ''यह संदेश उन लोगों के लिए भी है, जो दुनिया में प्यार और इंसानियत को वापस लाने की कोशिश कर रहे हैं। मेरी दुआ है कि हर इंसान तक रोशनी पहुंचे और दुनिया आने वाले कल में और बेहतर बने। मैं यहां हूं और कहीं जाने वाला नहीं हूं।''

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement