जेन जी पर फिर बोलीं कंगना रनौत, कहा- 'आजादी जरूरी है, लेकिन उसके साथ

मुंबई, 2 अगस्त । अपने बेबाक बयानों के लिए मशहूर बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत एक बार फिर सुर्खियों में हैं। सामाजिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखने वाली कंगना ने इस बार जेन जी यानी नई पीढ़ी और आजादी के मायने पर अपनी बात रखी है।

उन्होंने जिम में हुई एक दिलचस्प बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि हर इंसान को अपनी पसंद के मुताबिक जिंदगी जीने की आजादी है, लेकिन उसकी आजादी किसी दूसरे की जिंदगी या सुरक्षा के लिए खतरा नहीं बननी चाहिए।

कंगना रनौत ने रविवार को अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबा पोस्ट साझा किया। इसमें उन्होंने लिखा, ''आज जिम में मेरी मुलाकात दो जेन जी लड़कियों से हुई। उन्होंने मुझसे कहा कि उनका जन्म डिजिटल युग में हुआ है और सोशल मीडिया, इंस्टाग्राम, डेटिंग ऐप्स, एआई जैसी चीजें उनकी जिंदगी का हिस्सा हैं। मैंने उनसे कहा कि आपको अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने की पूरी आजादी है, लेकिन यह आजादी तब तक ही सही है, जब तक उससे किसी दूसरे व्यक्ति को नुकसान न पहुंचे।''

अपनी बात को समझाते हुए कंगना ने हाल के कुछ चर्चित अपराधों का जिक्र किया। उन्होंने केतन अग्रवाल मामले और 'ब्लू ड्रम' केस का उदाहरण देते हुए कहा, ''यह आजादी तब तक ही सही है, जब तक आप किसी दूसरे के बच्चे को चट्टान से नीचे नहीं फेंकते या उसके टुकड़े-टुकड़े नहीं करते। आज कई ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जहां उदार और पारंपरिक जीवनशैली के बीच टकराव देखने को मिल रहा है और कई मासूम बच्चों की जान जा रही है। यह हम सभी के लिए चिंता की बात है। वे भी इस बात से सहमत थीं कि आजादी के साथ जिम्मेदारी भी जरूरी है। मेरे जेन जी दोस्तों को फ्रेंडशिप डे की शुभकामनाएं। शांति बनाए रखें।''

कंगना का यह पोस्ट ऐसे समय में आया है, जब वह पहले से ही जेन जी को लेकर दिए गए अपने एक बयान की वजह से विवादों में हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने जेन जी को 'गटर जेनरेशन' कहा था। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनकी काफी आलोचना हुई थी।

दरअसल, यह पूरा विवाद कंगना रनौत के उन सोशल मीडिया पोस्ट के बाद शुरू हुआ, जिनमें उन्होंने नई पीढ़ी और कुछ भारतीय महिलाओं पर तीखी टिप्पणी की थी। पोस्ट में कंगना ने जेन जी की परवरिश पर भी सवाल उठाए थे।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter