सुमोना चक्रवर्ती का फिटनेस मंत्र, 'अनुशासन ही असली जीत है'

मुंबई, 13 अप्रैल। मनोरंजन जगत में अभिनेत्रियां अपने लुक्स और फिटनेस पर काफी ध्यान देती हैं। मलाइका अरोड़ा, सोहा अली खान, और करीना कपूर खान अपने फिटनेस के लिए जानी जाती हैं, लेकिन टेलीविजन इंडस्ट्री की अभिनेत्री सुमोना चक्रवर्ती भी पीछे नहीं हैं।

सोमवार को सुमोना ने इंस्टाग्राम पर जिम की कुछ तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए। इसमें सुमोना जिम में एक्सरसाइज करती नजर आ रही हैं। अभिनेत्री ने पोस्ट में अपने मन के भावों को बहुत ही मजाकिया अंदाज में व्यक्त किया।

अभिनेत्री ने लिखा, "लगातार कोशिश करते रहना, अनुशासन बनाए रखना और बस आगे बढ़ते रहना... यह भी एक बड़ी जीत है। मैं सिर्फ एब्स बनाने के चक्कर में नहीं हूं। असल में मैं खुद को मजबूत बनाना चाहती हूं।"

अभिनेत्री ने लिखा कि उम्र बढ़ने के साथ शरीर में कई तरह के बदलाव आते रहते हैं। उन्होंने लिखा, "पहले जैसा लचीलापन अब नहीं रहा है। छोटी-छोटी गलतियों से घुटना या कंधा चोटिल हो जाता है और ठीक होने में भी ज्यादा समय लगता है। फिर भी मैं हार नहीं मानूंगी। मैं अभी भी यहां हूं, चल रही हूं और आगे बढ़ रही हूं। अब मैं सिर्फ अपने शरीर का खास ध्यान रख रही हूं ताकि आने वाले दिनों में मुझे कोई परेशानी न हो।"

उन्होंने अपनी इच्छा जताते हुए लिखा, "मैं चाहती हूं कि आगे चलकर मैं आराम से बैठ सकूं, खड़ी हो सकूं, डांस कर सकूं और बिना किसी दर्द के ट्रैवल कर सकूं।"

सुमोना ने अपने ट्रेनर को खास तौर पर धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा, "मेरे हेल्थ का ध्यान रखने के लिए शुक्रिया। आप मुझ पर जितना भरोसा करते हो, कभी-कभी मैं खुद पर उतना भरोसा नहीं कर पाती, लेकिन मुझ पर भरोसा करने के लिए मैं आपकी हमेशा आभारी हूं।"

सुमोना चक्रवर्ती भारतीय टेलीविजन अभिनेत्री और कमीडियन हैं, जो मुख्य रूप से 'कॉमेडी नाइट्स विद कपिल' और 'द कपिल शर्मा शो' में अपनी भूमिकाओं के लिए जानी जाती हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement