शिल्पा शेट्टी कुंद्रा घर लाई इको-फ्रेंडली गणपति बप्पा, 17 साल पुरानी परंपरा में किया खास बदलाव
बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी कुंद्रा गणपति उत्सव को हर साल पूरे उत्साह और भक्ति के साथ मनाती हैं।

मुंबई, 16 सितंबर । बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी कुंद्रा गणपति उत्सव को हर साल पूरे उत्साह और भक्ति के साथ मनाती हैं। उनके घर गणपति बप्पा का स्वागत अब परिवार की एक खास परंपरा बन चुका है। इस साल भी शिल्पा ने अपने पति राज कुंद्रा और बच्चों के साथ बप्पा का स्वागत किया लेकिन इस बार उनके गणपति उत्सव में एक खास बदलाव देखने को मिला।
दरअसल, शिल्पा प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) या सामान्य मिट्टी की जगह पेपर माशे से बनी इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमा को घर लेकर आई थी। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए उनका परिवार पिछले कई सालों से गणपति की प्रतिमा को लेकर लगातार बदलाव कर रहा है।
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में शिल्पा पारंपरिक कपड़ों में नजर आईं। वह पति राज कुंद्रा और बच्चों के साथ पूरे विधि-विधान से गणपति विसर्जन करती दिखाई दीं। वहीं, बच्चे गणेश की इको-फ्रेंडली मूर्तियां बनाते हुए दिखे। इसके अलावा, वीडियो में गणपति की पूजा और घर में हुए दूसरे धार्मिक कार्यक्रमों की झलक भी देखने को मिल रही है।
वीडियो शेयर करते हुए शिल्पा ने लिखा, ''बप्पा को घर लाने का यह हमारा 17वां साल है, जिसे हम आस्था, प्यार और भक्ति के साथ मनाते हैं। पिछले 10 सालों में हमने सोच-समझकर प्लास्टर ऑफ पेरिस से मिट्टी की ओर कदम बढ़ाया और इस साल एक और कदम आगे बढ़ाते हुए पेपर माशे से बने बप्पा को घर लाए।''
अभिनेत्री ने कहा, ''पर्यावरण के अनुकूल तरीके से त्योहार मनाने में ज्यादा देखभाल और मेहनत लगती है, लेकिन यह सिर्फ भगवान के प्रति ही नहीं, बल्कि उस पर्यावरण के प्रति भी हमारी जिम्मेदारी है, जो हमें प्रकृति ने दिया है। ''
शिल्पा ने आगे कहा, ''इस साल हमने बच्चों के लिए एक इको-फ्रेंडली गणपति वर्कशॉप आयोजित की, जिसमें बच्चों ने खुद पर्यावरण के अनुकूल गणेश प्रतिमाएं बनाने की कोशिश की। मैं चाहती हूं कि बच्चे इन मूल्यों को समझें और आगे भी इन्हें अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाएं। बप्पा आपके परिवारों को खुशी, शांति और सफलता का आशीर्वाद दें। गणपति बप्पा मोरया।''
Source: IANS

