दिव्या दत्ता ने शबाना आजमी को खास अंदाज में दी बधाई, बोलीं- 'जिंदगी का सबसे ब्राइट रंग हो आप'
शबाना आजमी के जन्मदिन पर दिव्या दत्ता ने साझा किया बेहद भावुक संदेश। जानिए दिव्या दत्ता ने अपनी वरिष्ठ अभिनेत्री को 'जिंदगी का सबसे ब्राइट रंग' बताते हुए कैसे दी बधाई और क्या कहा उनके खास रिश्ते पर।

मुंबई, 18 सितंबर । बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी के 75वें जन्मदिन के मौके पर अभिनेत्री दिव्या दत्ता ने सोशल मीडिया पर एक खास वीडियो साझा कर अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं। दोनों अभिनेत्रियों के बीच लंबे समय से गहरी दोस्ती रही है। वीडियो के साथ दिव्या ने एक भावुक नोट भी लिखा, जिसमें उन्होंने शबाना आजमी के जीवन जीने के उत्साह, अभिनय के प्रति उनके समर्पण और हर पल को खुशी के साथ बिताने के अंदाज की सराहना की।
दिव्या दत्ता ने अपने संदेश में लिखा, "आप जिंदगी का सबसे ब्राइट रंग हैं। जिंदगी को पूरे जोश के साथ जीने का आपका तरीका, एक कलाकार के रूप में आपकी उत्सुकता और हर क्षण को हंसी-खुशी के साथ मनाने का आपका अंदाज अद्भुत है। आप एक बेहतरीन और लेजेंड अभिनेत्री हैं। मैं खुद को सौभाग्यशाली मानती हूं कि मुझे आपको करीब से जानने, प्यार करने और आपके खास पलों का हिस्सा बनने का अवसर मिला।" उन्होंने आगे कहा, "हैप्पी बर्थडे शबाना दी। आपका आशीर्वाद और सहयोग मेरे लिए बेहद अनमोल है।"
साझा किए गए वीडियो में दोनों अभिनेत्रियां एक साथ तस्वीरें खिंचवाती नजर आ रही हैं। उल्लेखनीय है कि दिव्या दत्ता और शबाना आजमी ने वर्ष 2016 में आई फिल्म 'चॉक एंड डस्टर' और बहुचर्चित शॉर्ट फिल्म 'शीर कोरमा' में एक साथ काम किया है। साथ काम करने के दौरान ही दोनों के बीच यह प्रगाढ़ रिश्ता कायम हुआ।
18 सितंबर को अपना 75वां जन्मदिन मना रहीं शबाना आजमी के लिए फिल्म उद्योग के सहयोगियों और दोस्तों ने जन्मदिन से पहले ही विशेष जश्न का आयोजन किया था। इस अवसर पर अभिनेत्री विद्या बालन और निर्माता सिद्धार्थ रॉय कपूर ने उन्हें एक खास सरप्राइज केक भेंट किया, जिस पर शबाना आजमी की तस्वीर और 'बटवारापन... एक टैलेंट जिसकी कोई सीमा नहीं' लिखा हुआ था। शबाना आजमी ने सोशल मीडिया पर केक की तस्वीर साझा करते हुए विद्या बालन और सिद्धार्थ रॉय कपूर का आभार व्यक्त किया।
Source: IANS

