नेशनल अवॉर्ड की घोषणा में अपना नाम सुनकर खुशी से झूम उठे कार्तिक आर्यन, मां का रिएक्शन वायरल

मुंबई, 19 जुलाई । बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन को फिल्म 'चंदू चैंपियन' के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता चुना गया। इस खास उपलब्धि की घोषणा के दौरान का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उनकी मां के रिएक्शन ने लोगों को ध्यान खींचा है।

दरअसल, इस वीडियो में अपने नाम का ऐलान सुनते ही कार्तिक खुशी से झूम उठते हैं, जबकि उनकी मां भावुक होकर उन्हें गले लगा लेती हैं और प्यार से गाल पर किस करती नजर आती हैं।

कार्तिक आर्यन ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह अपने परिवार के साथ 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की लाइव घोषणा देख रहे हैं। जैसे ही 'चंदू चैंपियन' के लिए उनके नाम का ऐलान बेस्ट एक्टर के रूप में होता है, कार्तिक खुशी से उछल पड़ते हैं और जोर से चिल्लाते हुए अपनी खुशी जाहिर करते हैं। इसके बाद वह तुरंत अपने माता-पिता को गले लगाते हैं। वीडियो में पूरे परिवार के चेहरे पर गर्व और खुशी नजर आता है। सबसे भावुक पल तब आता है, जब कार्तिक की मां उनके गाल पर प्यार से किस करती हैं। यह पल सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है।

इस वीडियो को शेयर करते हुए कार्तिक ने बेहद भावुक शब्दों में अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा, "अब भी यकीन नहीं हो रहा... कुछ पल ऐसे होते हैं जिन्हें शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता और यह उन्हीं में से एक है। वर्षों से देखा गया मेरा सपना आखिरकार सच हो गया। हमेशा विनम्र रहूंगा, हमेशा आभारी रहूंगा। सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार।"

उनका यह पोस्ट सामने आते ही लाखों लोगों ने उन्हें बधाई दी। फैंस के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई कलाकारों और दोस्तों ने भी इस उपलब्धि पर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

बता दें कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने 18 जुलाई को नई दिल्ली में 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के विजेताओं की घोषणा की। इस बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (लीडिंग रोल) का राष्ट्रीय पुरस्कार संयुक्त रूप से मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ममूटी और कार्तिक आर्यन को दिया गया। ममूटी को उनकी फिल्म 'ब्रमायुगम' के लिए सम्मानित किया गया, जबकि कार्तिक आर्यन को 'चंदू चैंपियन' में शानदार अभिनय के लिए यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement