'मैं 40 दिन में फिल्म खत्म करूं तो गलत क्या है?', अक्षय कुमार ने

मुंबई, 26 नवंबर । अभिनेता अक्षय कुमार ने करण जौहर के चैट शो 'कॉफी विद करण' में अपनी फिल्मों की शूटिंग जल्दी खत्म करने को लेकर हो रही आलोचना पर जवाब दिया है। उन्होंने बताया कि हॉलीवुड की बड़ी-बड़ी फिल्मों से जुड़े फिल्ममेकर और एक्टर भी अपनी फिल्मों को काफी कम समय में ही पूरा कर लेते हैं।

फिल्ममेकर क्रिस्टोफर नोलन और हॉलीवुड स्टार टॉम क्रूज का नाम लेते हुए अभिनेता अक्षय कुमार ने कहा कि वे भी अपनी हाई-ऑक्टेन फिल्मों की शूटिंग उतने ही समय में खत्म कर लेते हैं, जितने समय में वे करते हैं।

अक्षय कुमार कहते हैं, "नोलन इतनी बड़ी-बड़ी फिल्में बनाते हैं, फिर भी वो 90 दिन से ज्यादा शूटिंग नहीं करते। टॉम क्रूज की सबसे बड़ी एक्शन फिल्म मिशन इम्पॉसिबल की शूटिंग भी सिर्फ 55 दिन में पूरी हो गई थी।

अभिनेता अक्षय ने कहा कि फिल्म की क्वालिटी शूटिंग के दिनों से नहीं बल्कि काम करने के तरीके से तय होती है। अगर नोलन और टॉम क्रूज कम दिनों में बड़ी फिल्म बना सकते हैं, तो मैं 40 दिन में फिल्म खत्म करूं तो इसमें गलत क्या है?

अभिनेता का यह बयान एक्टर्स के जल्दी शूटिंग खत्म करने और फिल्मों को पूरा करने में लगने वाले समय को लेकर चल रही चर्चा के बीच आया है। उनकी इस तुलना को सोशल मीडिया के कुछ यूजर्स ने अच्छा नहीं माना। एक यूजर ने लिखा, "अक्षय कुमार इतने भ्रम में हैं और हकीकत से इतने दूर हैं कि उन्हें सच में लगता है कि 40 दिन में फिल्म खत्म करना, क्रिस्टोफर नोलन और टॉम क्रूज के 90 दिन में फिल्म बनाने के बराबर है।"

एक और पोस्ट में कहा गया, "अक्षय कुमार अपने 40 दिन के शूट की तुलना नोलन के द ओडिसी बनाने और टॉम क्रूज के मिशन इम्पॉसिबल को 90 दिन में बनाने से कर रहे हैं, क्या उन्हें पता है कि एक्टर अपने रोल के लिए महीनों तैयारी करते हैं? फिल्म बनाना सिर्फ इस बारे में नहीं है कि आपने शूटिंग में कितने दिन लगाए।"

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter