विभाजन की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म 'बंटवारा 1947' का शानदार ट्रेलर रिलीज
अभिनेता सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'बंटवारा 1947' का ट्रेलर मंगलवार को रिलीज कर दिया गया। इसमें भारत-पाकिस्तान बंटवारे के बाद की घटनाओं को दिखाया गया है।

मुंबई, 28 जुलाई । अभिनेता सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'बंटवारा 1947' का ट्रेलर मंगलवार को रिलीज कर दिया गया। इसमें भारत-पाकिस्तान बंटवारे के बाद की घटनाओं को दिखाया गया है।
मेकर्स द्वारा जारी किए गए ट्रेलर देख प्रतीत होता है कि इसकी कहानी विभाजन के दौर की मानवीय संवेदनाओं और एक बुजुर्ग हिंदू महिला पर आधारित है, जो पाकिस्तान में अपना घर छोड़ने से इनकार कर देती है।
2 मिनट 59 सेकंड के ट्रेलर में भारत-पाकिस्तान बंटवारे में अपनों को छोड़े जाने के दर्द और इमोशंस देखने को मिलते हैं। ट्रेलर में सनी देओल एक ऐसे परिवार की कहानी दिखाई गई है, जिसकी जिंदगी हिंसा, डर और जबरन पलायन की वजह से पूरी तरह बदल जाती है, लेकिन जीवन में इतने सारे अलगाव से बाद भी उसके अंदर की इंसानियत नहीं मिटती।
ट्रेलर में दिखाया जाता है कि विभाजन के बाद सनी देओल पत्नी प्रीति जिंटा और बच्चों के साथ पाकिस्तान एक घर में रहने आता है, जिसमें पहले हिंदू महिला (शबाना आजमी) घर छोड़ने का नाम नहीं लेती। इसके बाद सनी देओल समेत पूरे परिवार को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
फिल्म में सनी देओल का किरदार उन ताकतवर लोगों और भीड़ के खिलाफ खड़ा होता है, जो एक मां (शबाना आजमी) के सम्मान की रक्षा के लिए लड़ता है। यह मां बंटवारे के बाद भी अपना घर छोड़ने से इनकार कर देती है।
यह फिल्म इतिहास के एक बेहद मुश्किल दौर में लोगों की उम्मीद और हिम्मत की कहानी दिखाती है। बताया जा रहा है कि इस कहानी पर पाकिस्तान में प्रतिबंध लगा हुआ है, जिससे फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।
इस फिल्म के जरिए आमिर खान, ए. आर. रहमान और जावेद अख्तर की मशहूर जोड़ी एक बार फिर साथ आई है। इससे पहले तीनों ने क्लासिक फिल्म 'लगान' में साथ काम किया था। इसके अलावा, यह फिल्म करीब तीन दशक बाद निर्देशक राजकुमार संतोषी और अभिनेता सनी देओल की बहुप्रतीक्षित वापसी भी है।
इस फिल्म में सनी देओल के अलावा, शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह जैसे कलाकार नजर आएंगे। फिल्म को आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है और यह 14 अगस्त को दुनिया भर में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Source: IANS

