‘श्री बाबा नीब करौरी महाराज’ में सिद्धि मां का किरदार निभाने पर समीक्षा भटनागर बोलीं, 'इसने मेरी आत्मा को छू लिया'

मुंबई, 8 अप्रैल। अभिनेत्री समीक्षा भटनागर को बहुप्रतीक्षित बायोपिक श्री बाबा नीब करोरी महाराज में एक अहम भूमिका के लिए चुना गया है। वह अपनी अगली फिल्म में सिद्धि मां के किरदार में नजर आएंगी।

अपने किरदार को जीवंत करने के अनुभव को साझा करते हुए समीक्षा ने कहा कि यह उनके लिए एक आध्यात्मिक यात्रा रही है।

उन्होंने कहा, “मैं खुद को बहुत धन्य महसूस करती हूं कि मुझे हमारी आगामी फिल्म ‘श्री बाबा नीब करौरी महाराज’ में सिद्धि मां का किरदार निभाने का मौका मिला। यह यात्रा अभिनय से कहीं आगे बढ़कर रही- यह मेरे लिए गहराई से आध्यात्मिक अनुभव रहा। शूटिंग के दौरान मुझे लगातार ऐसा महसूस हुआ कि वह मेरी राह दिखा रही हैं और महाराज जी का आशीर्वाद हर कदम पर मेरी रक्षा कर रहा है।”

उन्होंने आगे कहा, “कुछ किरदार आपके अभिनय को छूते हैं, लेकिन इसने मेरी आत्मा को छू लिया।”

फिल्म में सुबोध भावे मुख्य भूमिका में हैं। इसके अलावा फिल्म में समीक्षा के साथ हितेन तेजवानी, अनिरुद्ध दवे, हेमंत पांडे, राजेश शर्मा, मिलिंद गुना, स्मिता तांबे, गौरीशंकर, आरती नागपाल और गरिमा अग्रवाल सहित कई कलाकार नजर आएंगे। साथ ही मोहित गुप्ता, वर्षा मणिकचंद और हरदीप कौर सहायक भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

शरद सिंह ठाकुर के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक भावनात्मक और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध सिनेमाई अनुभव देने का वादा करती है।

हाल ही में रिलीज हुए फिल्म के टीजर में भक्ति, रहस्य और दमदार कहानी का संगम देखने को मिलता है, जिसमें सुभोध भावे ने महान आध्यात्मिक गुरु के किरदार में शानदार रूपांतरण दिखाया है।

टीजर यह संकेत देता है कि फिल्म की कहानी दृश्यात्मक रूप से समृद्ध होगी, जिसमें बाबा नीब करौरी महाराज के चमत्कार, शिक्षाएं और उनके कालातीत प्रभाव को दर्शाया जाएगा, जो हर पीढ़ी के दर्शकों को जोड़ने की क्षमता रखता है।

फिल्म का निर्माण बलराम गर्ग, बलवीर सिंह, शरद सिंह ठाकुर, खड़ग सिंह गौर और नीलम सिंह ने किया है। इसे अनीशा फिल्म्स इंटरनेशनल द्वारा पीसी ज्वेलर, बीएसआर फिल्म प्रोडक्शंस और एडवांस टेक्नोलॉजी के सहयोग से प्रस्तुत किया जा रहा है।

श्री बाबा नीब करोरी महाराज इस साल 24 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement