एक्टर रणदीप हुड्डा ने नवजात बेटी के जन्म के एक महीने बाद किया नाम का खुलासा

मुंबई, 10 अप्रैल। बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा और पत्नी लिन लैशराम ने अपनी बेटी के नाम का खुलासा किया। माता-पिता बनने के बाद से ही दोनों अपनी नई जिंदगी को लेकर काफी उत्साहित हैं और अब उन्होंने अपनी इस खुशी को फैंस के साथ भी शेयर किया है। 

दरअसल, रणदीप और लिन की बेटी को एक महीना पूरा हो चुका है और इसी खास मौके पर कपल ने अपनी लाडली के नाम का खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने बेटी का नाम न्योमिका हुड्डा रखा है। इसकी घोषणा उन्होंने बड़े ही खास अंदाज में की।

दोनों ने एक जॉइंट स्टेटमेंट जारी करते हुए कहा, ''अपनी बेटी का नाम रखना हमारे लिए बेहद खास और इमोशनल पल रहा। जब हमने 'न्योमिका' नाम पहली बार सुना, तो महसूस हुआ कि यही मेरी बेटी के लिए सबसे सही नाम है।''

कपल ने कहा, ''पिछले एक महीने ने हमारी जिंदगी को पूरी तरह बदल दिया है। यह बदलाव बहुत ही खूबसूरत और सुकून देने वाला है। हम अब पेरेंट्स के रूप में हर पल को जी रहे हैं और अपनी बेटी के साथ बिताए हर छोटे-बड़े लम्हे को संजो रहे हैं। यह नया सफर हमारे लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।''

इस खास मौके पर दोनों ने एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें एक वॉइस नोट के जरिए उन्होंने अपनी बेटी को 'न्योमिका' कहकर पुकारा। 'न्योमिका' नाम रणदीप की बहन अंजलि हुड्डा ने चुना है।

रणदीप और लिन ने 10 मार्च को अपनी बेटी का स्वागत किया था। बेटी के जन्म के समय रणदीप ने एक इमोशनल पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने इंस्टाग्राम पर दो तस्वीरें शेयर की थीं। पहली तस्वीर में रणदीप के पिता अपनी पोती को गोद में लिए हुए नजर आए थे। दूसरी तस्वीर ब्लैक एंड व्हाइट थी और उसमें नवजात बच्ची का छोटा सा मुट्ठी बंद हाथ नजर आ रहा था।

इन तस्वीरों के साथ रणदीप हुड्डा ने एक दिल छू लेने वाला कैप्शन भी लिखा, "दादाजी और पोती को जन्मदिन की घणी बधाई। आज जब मैं खुद पिता बना हूं, तो पापा के लिए मेरा सम्मान और भी गहरा हो गया है और सबसे जरूरी बात – लिन, मुझे पिता बनाने और हमारी छोटी बच्ची को इस दुनिया में लाने के लिए धन्यवाद। "

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement