फिर देर हो गई... अमिताभ बच्चन ने मजाकिया अंदाज में मांगी माफी, ब्लॉग

मुंबई, 10 सितंबर । मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने देर से आने के लिए मजाकिया अंदाज में माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि जल्दी निकलने की योजना बनाने के बावजूद, किसी न किसी वजह से उन्हें देर हो ही जाती है।

दिग्गज अभिनेता ने देर रात अपने ब्लॉग पर लिखकर कहा कि लोगों को लग सकता है कि वह देर से आने के लिए हमेशा बहाने बनाते हैं लेकिन उन्होंने कहा कि जिस दिन वह जल्दी निकलने की योजना बनाते हैं, अक्सर उसी दिन उन्हें देर हो जाती है।

बिग बी ने अपने ब्लॉग में लिखा, "फिर देर हो गई; अरे यार, यह तो बहुत हो गया। सब सोचेंगे बहाना बनाता रहता है प्रतिदिन। लेकिन सच्चाई ये है कि जिस दिन सोचता हूं कि छूट जाएंगे जल्दी, उसी दिन देर हो जाती है। तो क्षमा प्रार्थी हूं।" इसके बाद उन्होंने हंसी को सबसे अच्छी दवा बताया।

उन्होंने कहा, "हंसी सबसे अच्छी दवा है, और मुश्किल समय में भी... जब आप मुश्किल पर हंसते हैं, तो 'मुश्किल' को लगता है कि वह आपको परेशान करने में नाकाम रही है... इसलिए हंसिए... 'मुश्किल' खुद परेशान हो जाएगी...है ना बढ़िया... ठीक है, बहुत हो गई अपनी तारीफ... कल एक नया दिन होगा।"

इसके साथ ही अभिनेता ने अपने टीवी शो "कौन बनेगा करोड़पति" की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं।

बता दे कि "कौन बनेगा करोड़पति" असल ब्रिटिश फॉर्मेट "हू वॉन्ट्स टू बी अ मिलियनेयर?" का आधिकारिक हिंदी वर्शन है। कंटेस्टेंट से मल्टीपल-चॉइस सवाल पूछे जाते हैं और उन्हें चार संभावित विकल्पों में से सही जवाब चुनना होता है। साथ ही, अगर वे पक्का नहीं होते हैं तो वे लाइफलाइन का इस्तेमाल कर सकते हैं।

मेगास्टार अमिताभ बच्चन की बात करें तो, वह हाल ही में वेट्टैयन और कल्कि 2898 एडी में नजर आए थे। खबरों की मानें तो फिलहाल वो कल्कि 2 की शूटिंग में व्यस्त हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter