रिश्तों की नाजुकता दिखाएगी 'ब्रेकफास्ट', निर्देशक ने बताया 'सच्ची घटना से प्रेरित कहानी'

मुंबई, 17 अप्रैल । आज के दौर में कुछ लोग छोटी-छोटी बातों को नजरअंदाज कर आगे बढ़ते हैं, तो वहीं कुछ रिश्ते ऐसे होते है, जिसमें मामूली मुद्दे भी बड़े विवाद का रूप ले लेते हैं। ऐसी ही बदलती रिश्तों की परिभाषा को अब फिल्मी पर्दे पर दिखाने की कोशिश कर रहे हैं मशहूर निर्देशक आर गांधी कृष्णा, जो अपनी अपकमिंग फिल्म 'ब्रेकफास्ट' को लेकर चर्चा में हैं।

कृष्णा ने आईएएनएस से बात करते हुए अपनी नई फिल्म के बारे में बताया कि 'ब्रेकफास्ट' की कहानी उनके एक दोस्त की असल जिंदगी की घटना से प्रेरित है। इस फिल्म की कहानी भावनात्मक होने के साथ-साथ दर्शकों को सोचने पर भी मजबूर करेगी।

निर्देशक ने अपने दोस्त की कहानी साझा करते हुए कहा, ''मेरे दोस्त ने लव मैरिज की थी। शादी से पहले दोनों के बीच गहरा प्यार था और शादी के बाद भी उनकी जिंदगी काफी खुशहाल थी। करीब दो साल तक सब कुछ ठीक चलता रहा और लोग उन्हें परफेक्ट कपल के रूप में देखते थे। लेकिन, अचानक एक छोटी सी घटना ने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी।''

उन्होंने बताया, ''एक दिन मेरा दोस्त और उसकी पत्नी अस्पताल जा रहे थे, ताकि यह पता लग सकें कि वह गर्भवती हैं या नहीं। रास्ते में एक सरकारी स्कूल देखकर मेरे दोस्त ने मजाक में कह दिया कि वे अपने होने वाले बच्चे को वहीं पढ़ाएंगे। यह बात उसकी पत्नी को बिल्कुल पसंद नहीं आई और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। शुरुआत में यह एक मामूली तकरार थी, लेकिन धीरे-धीरे यह बड़ा विवाद बनती चली गई।''

कृष्णा ने आगे बताया कि जब अस्पताल में यह पता चला कि पत्नी गर्भवती नहीं है, तो पहले से चल रही बहस और गहरी हो गई। छोटी सी बात ने गंभीर रूप ले लिया और दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया। हालात ऐसे हो गए कि बात अदालत तक पहुंच गई और आखिरकार दोनों ने अलग होने का फैसला कर लिया।

उन्होंने कहा, ''इस अनुभव से मुझे समझ आया कि आज की पीढ़ी कई बार छोटी-छोटी बातों को संभाल नहीं पाती और रिश्ते टूट जाते हैं। इसी सोच ने मुझे 'ब्रेकफास्ट' की कहानी लिखने के लिए प्रेरित किया। मैं इस फिल्म के जरिए दर्शकों को यह दिखाना चाहता हूं कि कैसे छोटी-छोटी बातें बड़े फैसलों तक पहुंच सकती हैं।''

'ब्रेकफास्ट' 24 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement