आदित्य रिखारी और संजू राठौड़ 'स्पॉटलाइट सीजन 4' में आएंगे नजर, नए

मुंबई, 17 सितंबर । भारत में म्यूजिक की दुनिया लगातार बदल रही है। अब सिर्फ बड़े नाम ही नहीं, बल्कि अलग-अलग शहरों और भाषाओं से आने वाले नए कलाकार भी अपनी आवाज और अलग म्यूजिक स्टाइल के साथ लोगों के बीच पहचान बना रहे हैं। इसी तरह के कलाकारों को एक मंच देने वाला म्यूजिक प्लेटफॉर्म 'स्पॉटलाइट' अब अपने चौथे सीजन के साथ लौट आया है। इस सीजन का आदित्य रिखारी और संजू राठौड़ भी हिस्सा होंगे। दोनों ही इस नए सफर को लेकर काफी उत्साहित हैं।

हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने यूनिवर्सल म्यूजिक ग्रुप फॉर ब्रांड्स के साथ मिलकर 'हुंडई स्पॉटलाइट' के चौथे सीजन को पेश किया है। इस सीजन का मकसद अलग-अलग तरह के म्यूजिक और कलाकारों को एक मंच पर लाना है, जहां सिंगर्स नए साउंड को एक्सप्लोर करने के साथ दूसरे कलाकारों के साथ मिलकर कुछ नया तैयार करेंगे। कलाकारों को उम्मीद है कि इस सीजन के जरिए उनका संगीत देशभर के लोगों तक पहुंचेगा।

सीजन 4 की शुरुआत संजू राठौड़ के मराठी गाने 'पाहिजे' से हुई। इस गाने में उनके साथ जूली जोगलेकर नजर आई। गाना रोमांस, मस्ती और सेलिब्रेशन का मिक्सअप है। मराठी म्यूजिक की अपनी खास पहचान के साथ यह गाना सीजन की शुरुआत को अलग अंदाज देता है।

वहीं, 'गोरी' की सफलता के बाद आदित्य रिखारी और रावटर एक बार फिर 'स्पॉटलाइट' का हिस्सा बने हैं। अपने नए सीजन में लौटने को लेकर दोनों ने कहा कि 'गोरी' को दर्शकों से मिले प्यार के बाद इस मंच पर दोबारा आना उनके लिए खास है। एक कलाकार के तौर पर वे हमेशा संगीत के जरिए कहानियां बताने के नए तरीके तलाशते रहते हैं और 'स्पॉटलाइट' उन्हें एक्सपेरिमेंट करने, दूसरे कलाकारों के साथ काम करने और ऐसा कुछ बनाने की आजादी देता है, जिसे शायद वे किसी और जगह नहीं कर पाते।

आदित्य रिखारी और रावटर ने उम्मीद जताई कि इस सीजन में उनके द्वारा तैयार किया गया म्यूजिक लोगों को पसंद आएगा और लोग इसे अपने तरीके से महसूस करेंगे और उससे जुड़ पाएंगे।

संजू राठौड़ ने भी नए सीजन का हिस्सा बनने को लेकर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, ''मेरे लिए संगीत हमेशा अपनी जड़ों से जुड़े रहने और उसी आवाज को नए तरीके से आगे ले जाने का माध्यम रहा है। 'हुंडई स्पॉटलाइट' में अलग-अलग सफर और म्यूजिक स्टाइल वाले कलाकार एक साथ आते हैं, जिससे कुछ नया बनाने की प्रक्रिया और भी दिलचस्प हो जाती है। मैं सीजन 4 का हिस्सा बनकर खुश हूं और इस मंच पर अपनी आवाज और अपना नजरिया पेश करना चाहता हूं।''

'स्पॉटलाइट' के पहले तीन सीजन में अब तक 18 ओरिजिनल गाने रिलीज हो चुके हैं। इनमें किंग, आस्था गिल, जस्सी गिल, बेनी दयाल, शिल्पा राव, निखिता गांधी, अर्जुन कानूनगो, हिपहॉप तमिजा, गुरनजर, जावेद अली, गजेंद्र वर्मा, आदित्य रिखारी और वजीर पातर जैसे कलाकार शामिल रहे हैं।

सीजन 3 में आदित्य रिखारी और रावटर का गाना 'गोरी' काफी चर्चा में रहा था। अब सीजन 4 में संजू राठौड़, राघव चैतन्य, निंजा और आदित्य रिखारी के साथ जीली जोगलेकर, मेहताब अली नियाजी, शिफाकत अली और रावटर जैसे उभरते कलाकार शामिल हैं। पूरे सीजन में ये कलाकार एक-दूसरे के साथ जोड़ी बनाकर अपने अलग-अलग म्यूजिक स्टाइल और अनुभवों को मिलाते हुए नए ओरिजिनल गाने तैयार करेंगे।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter