आखिरी सांस तक भाई के साथ खड़ी रहूंगी: सेलिना जेटली

मुंबई, 18 मार्च। अभिनेत्री सेलिना जेटली की अपने भाई विक्रांत जेटली से मिलने की आखिरी उम्मीद भी टूट गई। हाल ही में सुनवाई के दौरान अदालत को बताया गया कि विक्रांत ने अपनी बहन से बात करने से साफ मना कर दिया है। उन्होंने कहा कि वे किसी से संपर्क नहीं करना चाहते और कानूनी फैसले अपनी पत्नी चारुल जेटली से सलाह लेकर ही लेंगे।

बुधवार को अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए अपने भाई के फैसले का सम्मान किया। अभिनेत्री ने भाई के साथ तस्वीर पोस्ट कर लिखा कि वे उनके इस फैसले को समझती हैं। नोट में सेलिना ने बताया कि उन्होंने आखिर में अपने भाई से कब बात की थी। सेलिना ने लिखा, "मैंने अपने भाई से आखिरी बार 23 अगस्त 2024 को बात की थी। कुछ दिन बाद, 6 सितंबर 2024 को उन्हें हिरासत में ले लिया गया था। इसके बाद मई 2025 तक गुप्त रूप से रखा गया। फिर मध्य पूर्व के एक डिटेंशन सेंटर में भेजा गया, जहां वे अब लगभग 18 महीने से बिना किसी औपचारिक प्रक्रिया के रखे गए हैं। उनसे मिलने की अनुमति भी बहुत कम है।"

सेलिना ने लिखा कि हिरासत के दौरान उनके भाई को क्या-क्या बताया गया होगा, उन्हें नहीं पता। भाई हमेशा मेरी बहुत फिक्र करते थे। बाहर की पूरी सच्चाई उन्हें अभी नहीं पता है। हो सकता है कि अधूरी जानकारी के आधार पर वे अपनी बहन को आर्थिक और मानसिक परेशानी से बचाने की कोशिश कर रहे हों। ऐसे हालात में हिरासत वाले व्यक्ति के फैसले को उसी स्थिति में देखना चाहिए।

सेलिना ने लिखा कि उनकी सबसे बड़ी चिंता भाई की शारीरिक और मानसिक सेहत को लेकर रही है। यह मामला कभी मेरे बारे में नहीं था। मेरा उद्देश्य हमेशा यही था कि मुझे अपने भाई से मिलने और बात करने का मौका मिले और सबसे जरूरी बात, उन्हें सही कानूनी मदद मिल सके। मुझे खुशी है कि जून 2025 से अब तक भारत सरकार को उनसे नौ बार मिलने का मौका मिला है और सरकार ने यह भी कहा है कि वे उन्हें और उनकी पत्नी को कानूनी मदद लेने के लिए आगे भी प्रेरित करती रहेगी।

सेलिना ने भारत सरकार का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा, "मैं आभारी हूं कि सरकार लगातार उनके स्वास्थ्य और स्थिति पर ध्यान दे रही है और आगे भी इस मामले में प्रयास जारी हैं। मेरा हमेशा से सिर्फ एक ही मकसद रहा है उनकी सुरक्षा, कानूनी हक और सम्मान बना रहे। मैं समझती हूं कि शायद वे अपने तरीके से मुझे बचाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन मैं हमेशा उनके साथ खड़ी रहूंगी और यह सुनिश्चित करूंगी कि उन्हें सही कानूनी मदद मिलती रहे।"

अभिनेत्री ने आखिरी में लिखा, "जब तक मैं सीधे भाई से मिलकर बात नहीं कर लेती, तब तक किसी भी बात पर पूरा भरोसा नहीं कर सकती। मैं उन्हें बहुत अच्छे से जानती हूं, वे मेरे लिए मेरे पहले बच्चे जैसे हैं। मैं आखिरी सांस तक उनके साथ खड़ी रहूंगी।"

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement