रश्मि देसाई की टीवी पर वापसी, बोलीं- 'कमबैक नहीं बल्कि सही मकसद वाले

मुंबई, 23 सितंबर । टीवी की दुनिया में अपनी एक्टिंग और अलग अंदाज से पहचान बनाने वाली रश्मि देसाई एक बार फिर छोटे पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। लंबे समय बाद अभिनेत्री नए शो 'सयोनी' में नजर आएंगी। रश्मि के लिए यह वापसी सिर्फ एक और टीवी प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं है, बल्कि एक ऐसे किरदार के साथ पर्दे पर लौटने का मौका है, जिससे वह खुद को जोड़ पाई हैं।

'सयोनी' को लेकर उत्साह जाहिर करते हुए रश्मि ने कहा, ''शो में मेरा किरदार माया सिर्फ एक कल्पना नहीं है, बल्कि एक बहुत ही प्रैक्टिकल किरदार है। मुझे कई ऑफर मिले थे, लेकिन मैंने उन्हें मना कर दिया क्योंकि मैं उन कहानियों और किरदारों से जुड़ाव महसूस नहीं कर पा रही थीं। हर कलाकार चाहता है कि उसे ऐसा किरदार मिले, जो अच्छी तरह लिखा गया हो और जिसे निभाने में उसे कुछ खास महसूस हो।''

रश्मि ने कहा, ''मैं टीवी पर कमबैक नहीं ढूंढ रही थीं, मैं किसी मकसद की तलाश में थीं। शो के प्रोड्यूसर सरगुन मेहता और रवि दुबे, दोनों वाकई टीवी पर शानदार काम कर रहे हैं। डायरेक्टर उत्तम भेलावत भी कमाल के इंसान है। कैमरे के पीछे काम करने वाले लोगों को अक्सर दर्शक नहीं जानते, लेकिन किसी कहानी को सही दर्शकों तक पहुंचाने में इन लोगों की भूमिका बहुत अहम होती है।''

अभिनेत्री ने अपने इस इंतजार को लेकर कोई पछतावा भी नहीं जताया। उन्होंने कहा कि अच्छा हुआ कि उन्होंने लंबे समय तक इंतजार किया और अपनी भावनाओं के साथ ईमानदार रहीं। रश्मि का कहना है कि वह कभी भी जल्दबाजी में फैसले नहीं लेतीं और इस बार भी उन्होंने वही किया। उनके लिए सिर्फ स्क्रीन पर दिखाई देना जरूरी नहीं था, बल्कि ऐसा काम करना जरूरी था, जिसे करने के बाद उन्हें लगे कि उन्होंने सही फैसला लिया है।

शो में रश्मि के साथ जान्हवी सोनी और गौतम सिंह विग भी अहम भूमिकाओं में हैं। जान्हवी शो में सानवी का किरदार निभा रही हैं। उन्होंने अपने किरदार के बारे में कहा, ''सानवी बहुत प्यार करने वाली और दूसरों की परवाह करने वाली लड़की है, लेकिन उसकी अच्छाई को उसकी कमजोरी समझना सही नहीं होगा। वह अपने लिए और सही बात के लिए खड़े होने की हिम्मत रखती है। वह अपने वादे भी निभाती है, भले ही ऐसा करने के लिए उसे खुद किसी मुश्किल का सामना क्यों न करना पड़े।''

जान्हवी ने रश्मि के साथ काम करने के अनुभव को भी खास बताया। उन्होंने कहा, ''रश्मि बतौर को-एक्टर काफी अपनापन रखने वाली हैं। 'सयोनी' में साथ काम करने के दौरान मुझे रश्मि में एक अच्छी दोस्त भी मिली है। हमारे बीच की बॉन्डिंग शो के सेट पर भी है।''

वहीं गौतम सिंह शो में आदित्य का किरदार निभा रहे हैं। अपने किरदार के बारे में उन्होंने कहा, ''आदित्य सानवी का हीरो बनने की कोशिश नहीं करता, बल्कि उसका 'सयोनी' बनकर उसके साथ खड़ा रहता है। हीरो आपकी लड़ाई खुद लड़ने की कोशिश कर सकता है, लेकिन सच्चा साथी वह होता है जो आपको अपनी लड़ाई खुद लड़ने की ताकत देता है। आदित्य सानवी के फैसलों की इज्जत करता है और उसे अपनी जिंदगी के जवाब खुद तलाशने की जगह देता है। उसका रिश्ता भरोसे, बराबरी और स्थिर प्यार पर आधारित है।''

'सयोनी' शो का निर्माण सरगुन मेहता और रवि दुबे की ड्रीमियाता एंटरटेनमेंट ने किया है। 'सयोनी' 23 सितंबर से स्टार प्लस पर प्रसारित हो रहा है और इसे जियोहॉटस्टार पर भी देखा जा सकता है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter