एक भी डायलॉग नहीं... अभय देओल ने सुनाया फिल्म ‘देव डी’ से जुड़ा मजेदार किस्सा

मुंबई, 24 अप्रैल । अभिनेता अभय देओल की फिल्म 'देव डी' सिनेमाघरों में री-रिलीज हो चुकी है। इस बीच अभिनेता ने फिल्म से जुड़ा मजेदार किस्सा फैंस के साथ शेयर किया है। उन्होंने बताया कि एक सीन के दौरान तो उनके पास एक भी डायलॉग नहीं था।

अभय देओल ने फिल्म ‘देव डी’ के एक यादगार सीन से जुड़े वीडियो को इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए सुनाया। फिल्म के एक वीडियो क्लिप को पोस्ट करते हुए अभय देओल ने बताया कि कैसे एक सीन में उन्होंने बिना डायलॉग बोले भी अपने किरदार को बेहतरीन तरीके से पर्दे पर अमर कर दिया। अभय देओल ने लिखा, “उसने कहा कि वह ‘दिल्ली से है’ तो मैंने कहा कि ‘मैं यहीं से हूं।”

उन्होंने आगे बताया कि ‘देव डी’ डिजाइन के हिसाब से बहुत ज्यादा बोलने वाली फिल्म नहीं है। इसलिए इस सीन में उनका कोई डायलॉग नहीं था। स्क्रिप्ट में उनका किरदार चुपचाप खड़ा था, जबकि अभिनेत्री परख का किरदार देव से बात कर रहा था। अभय ने लिखा, “मैंने अपने कैरेक्टर को मुझ पर हावी होने दिया और उसे ये शब्द कहने में मदद की। जब डायरेक्टर ने “कट” कहा और फिर मेरे पास आए और मुझे गले लगा लिया तो वो अनुभव शानदार था।

डायरेक्टर ने पूछा, “तुमने कमरे के हर एलिमेंट को सीन में कैसे शामिल किया और इसे इतना कैजुअल कैसे दिखाया?” अभय देओल ने बताया कि उन्हें इस तारीफ से बहुत अच्छा लगा। उन्होंने बताया कि सिर्फ एक टेक में ही उनका सीन पूरा हो गया। अभय देओल ने लिखा, “देव को अपनी आवाज मिल गई थी और मैं उसमें खो गया। यह पोस्ट इसलिए भी खास है क्योंकि फिल्म ‘देव डी’ आज फिर से पीवीआर सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।

अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी यह फिल्म साल 2009 में रिलीज हुई थी और आज भी युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय है। फिल्म में अभय देओल ने देव का किरदार निभाया था, जबकि परख, माही गिल और कल्कि कोचलीन भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आईं।

‘देव डी’ आधुनिक समय की देवदास कहानी पर आधारित है। फिल्म में प्यार, दोस्ती, नशे और जिंदगी की सच्चाई को बेहद अलग अंदाज में दिखाया गया है। अभय देओल का अभिनय और फिल्म का अनोखा स्टाइल आज भी दर्शकों को पसंद आता है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement