शरारत गाने को मैं स्पेशल नंबर कहता हूं: आदित्य धर

मुंबई, 28 मार्च। स्पाई थ्रिलर फिल्म धुरंधर ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस में तो धमाल मचाया ही है, लेकिन इसके गाने भी इसी तरह से धमाल मचाने में पीछे नहीं हट रहे हैं। खासकर फिल्म साल 2025 में रिलीज हुई स्पाई थ्रिलर फिल्म 'धुरंधर' का गाना 'शरारत'।

इस गाने ने रिलीज होते ही इंटरनेट का पारा हाई कर दिया था और इसके हुक स्टेप ने तो और ही कमाल कर दिया था। सोशल मीडिया यूजर्स, इंफ्लूएंसर्स हर कोई गाने की हुक स्टेप को कॉपी कर वीडियो बनाया था। गाना इतना पॉपुलर हुआ था कि सात समंदर पार भी इसकी खूब प्रसंशा हुई थी और अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के पति निक जोनस ने भी सराहा था। निक ने अपने भाइयों के साथ मिलकर गाने की धुन पर खूब थिरके थे।

इस गाने को टेलीविजन की मशहूर अभिनेत्री रुपाली गांगुली के भाई विजय गांगुली ने कोरियोग्राफ किया है। शनिवार को अभिनेत्री ने एक दिलचस्प वीडियो शेयर किया, जिसमें फिल्म के निर्देशक आदित्य धर और कोरियोग्राफर विजय गांगुली गाने के हुक स्टेप को लेकर बातचीत करते नजर आ रहे हैं।

वीडियो में आदित्य कहते हैं, "हम अपने काम को हमेशा बहुत गंभीरता से लेते हैं। काम के मामले में हम पूरे पेशेवर हैं, लेकिन इस तरह की चीज मेरी जिंदगी में पहली बार हो रही है। मैं इस गाने को कभी भी आइटम सॉन्ग नहीं कहता हूं। मैं इसे हमेशा एक स्पेशल नंबर कहता हूं। मुझे इसमें सच में बहुत मजा आ रहा है।"

विजय गांगुली ने भी इस गाने की खासियत बताते हुए कहा, "साथ काम करना बहुत मजेदार रहा क्योंकि इसमें बहुत सारी छोटी-छोटी डिटेल्स हैं जो इसे अलग बनाती हैं। मुझे लगता है कि यह एक परफेक्ट हुक स्टेप है। हमने कई ऑप्शन ट्राई किए थे। करीब आठ-दस अलग-अलग स्टेप्स बनाए गए। फिर सर ने सारे ऑप्शन देखे और कहा, 'यही होगा,' और फिर हम उसी पर टिके रहे।"

आदित्य ने विजय गांगुली की मेहनत की तारीफ करते हुए बताया, "मेरे अलावा बाकी सब प्रोफेशनल हैं। आप इस गाने के पीछे की कड़ी मेहनत नहीं देख पाएंगे जो विजय ने की है। वह सुबह चार बजे तक ट्रैक पर काम कर रहा था।"

'शरारत' एक बेहद लोकप्रिय डांस नंबर है, जो यूट्यूब पर 100 मिलियन से अधिक व्यूज के साथ वायरल हुआ था। जैस्मीन सैंडलस और मधुबंती बागची द्वारा गाए इस गाने में क्रिस्टल डिसूजा और आयशा खान ने परफॉर्म किया है, जिसे विजय गांगुली ने कोरियोग्राफ और शाश्वत सचदेव ने संगीतबद्ध किया है।

यह गाना अपनी आकर्षक धुन और डांस मूव्स की वजह से सोशल मीडिया (रील्स) पर बहुत प्रसिद्ध हुआ है, जिसे निक जोनस ने भी सराहा था।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement