रोहित शेट्टी फायरिंग केस: 1624 पन्नों की चार्जशीट दाखिल, 15 आरोपी

मुंबई, 30 अप्रैल। फिल्म निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को अदालत में 1624 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट दाखिल कर दी है। इस केस में अब तक 15 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि दो आरोपी अभी भी फरार हैं।

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान कई अहम तथ्य सामने आए हैं, जिन्हें चार्जशीट में शामिल किया गया है। हाल ही में इस मामले के मुख्य आरोपी प्रदीप कुमार उर्फ गाठ को 17 अप्रैल को उत्तर प्रदेश एसटीएफ और मुंबई क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में आगरा से गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे मुंबई की विशेष अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत में भेजा गया।

जांच में सामने आया है कि घटना के समय प्रदीप कुमार मौके पर मौजूद था और फायरिंग के बाद फरार हो गया था। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।

यह घटना 1 फरवरी को मुंबई के जुहू इलाके में रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई थी, जिससे फिल्म इंडस्ट्री में सनसनी फैल गई थी। शुरुआती जांच में इसे रंगदारी का मामला माना गया, लेकिन बाद में पुलिस को शक हुआ कि इसके तार लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हो सकते हैं। इसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया।

अब तक इस मामले में ऋतिक, सनी, दीपक, विष्णु और गोलू समेत कई आरोपियों को पकड़ा जा चुका है।

मुंबई क्राइम ब्रांच ने बताया कि बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है और चार्जशीट दाखिल होने के बाद केस की कानूनी प्रक्रिया और तेज की जाएगी। मामला फिलहाल मुंबई की विशेष अदालत में विचाराधीन है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter