रामानंद सागर के बेटे आनंद सागर चोपड़ा का निधन, पूनम ढिल्लों समेत तमाम हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि

मुंबई, 13 फरवरी। प्रसिद्ध टीवी निर्माता और निर्देशक पद्मश्री रामानंद सागर के बेटे, आनंद सागर चोपड़ा का शुक्रवार को निधन हो गया। उनके निधन की खबर आते ही फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि आनंद सागर लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे।  

आनंद सागर के निधन से उनके चाहने वालों और इंडस्ट्री के साथी सदमे में हैं। उनका अंतिम संस्कार मुंबई के पवन हंस हिंदू श्मशान भूमि में किया गया। अंतिम संस्कार में परिवार के सदस्य, करीबी रिश्तेदार, और कुछ चुनिंदा इंडस्ट्री से जुड़े लोग शामिल हुए।

इस मौके पर अभिनेत्री पूनम ढिल्लों भी मौजूद रहीं और उन्होंने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

उनके निधन की खबर के बाद से पूरे टीवी जगत में शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर भी उनके फैंस, सहकर्मी और इंडस्ट्री के लोग श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

आनंद सागर ने अपने पिता रामानंद सागर की विरासत को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। रामानंद सागर ने 1987 में टीवी धारावाहिक 'रामायण' का निर्माण किया था। आनंद सागर ने सागर आर्ट्स के जरिए इस विरासत को संभाला और परिवार के प्रोडक्शन हाउस के तहत कई परियोजनाओं में अहम योगदान दिया।

आनंद सागर ने हमेशा यह सुनिश्चित किया कि सागर ब्रांड और उसके प्रोजेक्ट्स की प्रामाणिकता बनी रहे। वे पर्दे के पीछे रहकर काम करना पसंद करते थे, लेकिन उनका योगदान हमेशा इंडस्ट्री में सम्मानित रहा। उनके निर्देशन और प्रोडक्शन के अनुभव ने नई पीढ़ी को महाकाव्य कथाओं से जोड़ा और टीवी दर्शकों के बीच सांस्कृतिक धारावाहिकों की स्थायी पहचान बनाई।

2020 में, जब पूरे देश में लॉकडाउन था, आनंद सागर ने 'रामायण' और अन्य क्लासिक धारावाहिकों को टीवी पर दोबारा प्रसारित किया। यह कदम दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हुआ। 28 मार्च 2020 से शुरू हुए इस धारावाहिक ने रिकॉर्ड तोड़ टीआरपी हासिल की और दुनिया में सबसे ज्यादा देखे जाने वाले मनोरंजन कार्यक्रम का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement