इजरायल के हाइफा पोर्ट पर परिचालन सामान्य, सभी कर्मचारी सुरक्षित: अदाणी पोर्ट्स
अदाणी पोर्ट्स और स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (एपीएसईजेड) ने रविवार को कहा कि रीजन में तनावपूर्ण स्थिति के बीच इजरायल में मौजूद उसके हाइफा पोर्ट पर परिचालन सामान्य बना हुआ है और सभी कर्मचारी सुरक्षित है।
अहमदाबाद, 1 मार्च। अदाणी पोर्ट्स और स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (एपीएसईजेड) ने रविवार को कहा कि रीजन में तनावपूर्ण स्थिति के बीच इजरायल में मौजूद उसके हाइफा पोर्ट पर परिचालन सामान्य बना हुआ है और सभी कर्मचारी सुरक्षित है।
एपीएसईजेड की ओर से जारी बयान में कहा गया कि हाइफा पोर्ट कंपनी ने पुष्टि की है कि उसके सभी कर्मचारी और पोर्ट की संपत्तियां एवं इन्फ्रास्ट्रक्चर पूरी तरह से सुरक्षित है, साथ ही परिचालन बिना किसी रुकावट के सामान्य बना हुआ है।
कंपनी ने आगे कहा कि वह स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और इजरायल के परिवहन एवं सड़क सुरक्षा मंत्रालय के साथ समन्वय कर रहा है। साथ ही, अधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार कार्य कर रहा है।
एपीएसईजेड ने आगे कहा कि वह अपने कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और परिचालन की निरंतरता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
कंपनी ने इस बात पर जोर दिया कि पोर्ट का सुचारू संचालन इजरायल की आपूर्ति श्रृंखला और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए महत्वपूर्ण है।
कंपनी ने कहा, "हम अपने कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और परिचालन की निरंतरता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं, ताकि इजरायल की आपूर्ति श्रृंखला और अंतरराष्ट्रीय व्यापार में स्थिरता बनी रहे।"
यह बयान इस बात का आश्वासन देता है कि बुनियादी ढांचे को कोई नुकसान नहीं हुआ है और अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों और इजरायल की जवाबी कार्रवाई के बाद जारी तनाव के बावजूद हाइफा पोर्ट पर व्यावसायिक गतिविधियां सामान्य रूप से चल रही हैं।
एपीएसईजेड भारत की सबसे बड़ी और दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती हुई इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट यूटिलिटी कंपनी है। कंपनी भारत और दुनिया में कुल 19 पोर्ट्स और टर्मिनल्स का संचालन कर सकती है, जिसमें से 15 भारत में और 4 विदेशों (ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, इजरायल और तंजानिया) में हैं।
Source: IANS