दिल्ली की मुख्यमंत्री ने पंजाब सीएम मान पर साधा निशाना, बोलीं- पूरे राज्य को किया शर्मसार

नई दिल्ली, 1 मई । पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर शुक्रवार को विधानसभा सत्र में नशे की हालत में शामिल होने के आरोपों को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। विभिन्न दलों के नेताओं ने इस मुद्दे पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री के आचरण पर सवाल उठाए हैं। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे शर्मसार करने वाला कृत्य बताया है।

सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट में कहा कि लोकतंत्र के मंदिर में कोई राज्य का मुखिया खुद नशे की हालत में पहुंचता है और पूरे के पूरे राज्य को शर्मसार करता है।

उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान वैसे तो दुनिया ने उनको सैकड़ों बार शराब के नशे में पब्लिक प्रोग्राम में और कार्यक्रमों में देखा है। पर आज तो इंतहा हो गई जब उनकी हालत पूरे के पूरे देश ने देखी कि विधानसभा में वह नशे की हालत में कैसे बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति खुद नशे में रहता हो, वो अपने राज्य के लोगों को नशे से कैसे बचाएगा? कोई जवाब है केजरीवाल साहब के पास में? ऐसे लोगों के साथ में पंजाब के लोगों का क्या भला करेंगे आप?

उन्होंने कहा कि 2027 का चुनाव इनके भ्रष्टाचारी राज के ताबूत में आखिरी कील साबित होगी - जनता के द्वारा लगाई जाएगी।

इससे पहले दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आरोप लगाया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक बार फिर लोकतंत्र को शर्मसार किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान कथित तौर पर शराब के नशे में पंजाब विधानसभा के एक दिवसीय मजदूर दिवस विशेष सत्र में पहुंचे।

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि जिस तरह नशे में मुख्यमंत्री भगवंत मान लड़खड़ाते हुए विधानसभा पहुंचे और अस्पष्ट भाषा में बोले, उससे विधानसभा अध्यक्ष की भूमिका पर भी सवाल उठते हैं कि उन्होंने उन्हें क्यों नहीं रोका?

उन्होंने कहा कि जिस तरह मुख्यमंत्री मान हताश और कथित रूप से नशे की हालत में विधानसभा पहुंचे, उससे साफ है कि उन्हें खुद अपनी सरकार की स्थिरता पर भरोसा नहीं रहा। यह पहला मौका नहीं है, जब भगवंत मान कथित तौर पर नशे की हालत में किसी सदन में पहुंचे हों।

उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद रहने के दौरान भी भगवंत मान कथित तौर पर शराब के नशे में लोकसभा पहुंचे थे।

सचदेवा ने कहा, ''आज जिस तरह वह लड़खड़ाते हुए सदन में पहुंचे और उस हालत में बोले, उन्होंने मर्यादा की सारी सीमाएं पार कर दीं।''

उन्होंने कहा कि पंजाब, दिल्ली और पूरे देश के लोग इस व्यवहार से स्तब्ध हैं और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से भगवंत मान के खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement