गौतम अदाणी ने सराहा सीएम योगी का ‘विकसित यूपी’ रोडमैप, बोले- हमें तरक्की में योगदान देने पर गर्व

नई दिल्ली, 3 अप्रैल। देश के प्रमुख उद्योगपति और अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकसित उत्तर प्रदेश रोडमैप की सराहना की है। उन्होंने कहा कि कुछ विचार ऐसे होते हैं जो पूरे राष्ट्र की दिशा बदल देते हैं और उत्तर प्रदेश के लिए प्रस्तुत यह विजन भी उसी तरह का है। 

गौतम अदाणी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया, "कुछ बड़े विजन ऐसे होते हैं जो पूरे देश की तस्वीर बदल देते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 'विकसित उत्तर प्रदेश' के रोडमैप पर बात करते हुए सुनना एक ऐसा अनुभव था जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। वर्ष 2030 तक उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना और वर्ष 2047 तक इसे 6 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य है। यह केवल एक लक्ष्य नहीं बल्कि यह दर्शाता है कि उत्तर प्रदेश में कितनी अपार संभावनाएं मौजूद हैं।"

अदाणी समूह ने इस परिवर्तनकारी यात्रा में अपनी सक्रिय भागीदारी का भी भरोसा दिलाया है। गौतम अदाणी ने पोस्ट के साथ एक तस्वीर भी साझा की है, जिसमें वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि उनकी कंपनी उत्तर प्रदेश में बिजली, रक्षा, हवाई अड्डों, लॉजिस्टिक्स, औद्योगिक पार्क और डाटा सेंटर जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में निवेश कर रही है। इन क्षेत्रों में निवेश से न केवल राज्य की आधारभूत संरचना मजबूत होगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।

उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा, "अदाणी ग्रुप को यूपी की तरक्की और बदलाव में योगदान करने पर बहुत गर्व है। हम यहां बिजली, सुरक्षा, हवाई अड्डों, लॉजिस्टिक, औद्योगिक पार्क और डेटा सेंटरों में निवेश कर रहे हैं। हम यूपी के एक शानदार भविष्य को बनाने में पूरी मदद करने के लिए यहां हैं।"

अदाणी समूह की यह प्रतिबद्धता उनके व्यापक राष्ट्रीय निवेश योजना के अनुरूप भी है। उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को देश के बड़े उद्योग समूहों का भी समर्थन मिल रहा है। उत्तर प्रदेश न केवल भारत बल्कि वैश्विक आर्थिक मंच पर भी एक महत्वपूर्ण स्थान हासिल कर सकता है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement