पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार में कार्ड के गोदाम में भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप

नई दिल्ली, 3 मई । पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में रविवार रात एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि आग कार्ड के गोदाम में लगी। गुजरात नमकीन के पास मौजूद एक गोदाम में पहले आग लगी और फिर पूरे मकान में फैल गई।

जानकारी के मुताबिक, आग लगने की सूचना दमकल विभाग को रात 9:07 बजे मिली। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया।

बताया जा रहा है कि आग की लपटें मकान की ऊपरी मंजिल पर तेजी से फैल गईं। देखते ही देखते पूरा कमरा आग की चपेट में आ गया और ऊपरी मंजिल से तेज लपटें उठने लगीं। आग लगने से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में अफरा-तफरी फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। संकरी गलियों के कारण राहत और बचाव कार्य में कुछ दिक्कतें भी सामने आईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग कार्ड के गोदाम में लगी थी।

हालांकि आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। फिलहाल दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

इससे पहले दिल्ली के शाहदरा जिले के विवेक विहार इलाके में एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगी। इसमें अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है।

जानकारी के मुताबिक, यह आग विवेक विहार फेज-1 के एक बहुमंजिला मकान में लगी थी। फायर कंट्रोल रूम को इस हादसे की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि बिल्डिंग के दूसरे, तीसरे और चौथे फ्लोर पर आग लगी हुई थी। दमकल की करीब 12 से 14 गाड़ियां मौके पर लगाई गईं। फायर ब्रिगेड, पुलिस, क्राइम टीम, ट्रैफिक पुलिस और डीडीएमए की टीम ने मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 6:25 बजे आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन इसके बाद भी सर्च ऑपरेशन जारी रहा।

शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि बचाव कार्य के दौरान करीब 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें से दो लोगों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल भेजा गया। वहीं, कुछ अन्य घायलों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement