पटना में विवाद के बीच शिक्षा मंत्री ने की घोषणा, अगले तीन महीने में कोचिंग संचालकों के लिए बनेगी नीति

पटना, 3 जून । बिहार की राजधानी पटना में चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग पर फायरिंग और पथराव की घटना के बाद सरकार ने कोचिंग संचालकों पर अंकुश लगाने के लिए एक नीति बनाने की घोषणा की है। बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बुधवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि इस प्रतिस्पर्धा के दौर में किसी हाल में विधि व्यवस्था की स्थिति नहीं बिगड़ने दी जाएगी।

मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कोचिंग पर हुए हमले को लेकर कहा कि इसकी ठीक ढंग से जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ये कोचिंग संस्थान अगर आपस की प्रतिस्पर्धा में एक-दूसरे के साथ इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न करेंगे और विधि व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की संभावना होगी, तो इसे रोकने के लिए एक नीति बनाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि कोचिंग संचालकों के लिए एक नीति बनाई जाएगी और उस नीति के तहत इन पर अंकुश भी लगाया जाएगा। जब नीति बन जाएगी और उसका उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई होगी। शिक्षा मंत्री ने यह भी साफ कर दिया कि नीति बनाने के पहले सबकी राय ली जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर भी एक नीति बनाई जाएगी। बिना लोगों की राय के कोई नीति नहीं बनेगी। अगले तीन महीने के अंदर कोचिंग के लिए नीति बना दी जाएगी।

दरअसल, बिहार की राजधानी पटना में चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान में तोड़फोड़ और गार्ड के साथ मारपीट की घटना में शामिल होने का आरोप पास के कोचिंग संस्थान ज्ञान बिंदु कोचिंग पर लगा है। इस मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद सहित तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।

पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार की रात में करीब 10:10 बजे कदमकुंआ थानांतर्गत खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान पर कुछ लोगों द्वारा पथराव एवं तोड़फोड़ किए जाने के संबंध में सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। घटनास्थल पर आसपास के लोगों से पूछताछ करने एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को देखने के बाद पुलिस को यह जानकारी मिली कि पास के ही ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान से जुड़े 15 से 20 लोगों द्वारा पथराव एवं तोड़फोड़ किया गया है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement