मालवीय नगर अग्निकांड: कोई एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट नहीं, शॉर्ट सर्किट से लगी थी रेस्टोमेंट में आग

नई दिल्ली, 4 जून । दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस से जुड़े सूत्रों ने बताया है कि रेस्टोरेंट में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। जांच टीम को घटना के दौरान किसी भी एलपीजी सिलेंडर में धमाका होने का कोई सबूत नहीं मिला है।

सूत्रों ने दिल्ली पुलिस की शुरुआती जांच के आधार पर बताया कि आग इतनी तब फैलती है, जब इंटरनल वायरिंग में शॉर्ट सर्किट हुआ हो। सूत्रों के अनुसार, होटल के बेसमेंट और टॉप फ्लोर पर 2 किचन बने हुए थे। दोनों किचन के अंदर एलपीजी सिलेंडर रखे हुए थे। इन सिलेंडरों में कोई ब्लास्ट नहीं हुआ।

हालांकि, मालवीय नगर के रेस्टोरेंट में आग लगने की सही वजह का पता लगाने के लिए अभी भी जांच चल रही है और एक विस्तृत फोरेंसिक जांच की जा रही है।

बता दें कि मालवीय नगर इलाके में रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने के कारण कम से कम 21 लोगों की मौत हुई है। इन 21 लोगों में से 9 भारतीय थे, जबकि 12 विदेशी नागरिक थे, जो बांग्लादेश, लाइबेरिया, नाइजीरिया और मोजाम्बिक देशों के रहने वाले थे।

अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने सभी विदेशी नागरिकों की एक सूची विदेश मंत्रालय को भेजी है, ताकि उनके शवों को उनके गृह देशों में वापस भेजने में मदद मिल सके। इन विदेशी नागरिकों की पहचान घटना स्थल पर मिले पासपोर्ट के आधार पर की गई।

पुलिस ने सभी संबंधित विदेशी नागरिकों की डीएनए प्रोफाइलिंग पूरी कर ली है। यह प्रोफाइलिंग उनके संबंधित देशों के दूतावासों से अनुमति मिलने के बाद की गई थी। अधिकारियों ने आगे बताया कि सभी विदेशी नागरिकों के शवों का पोस्टमार्टम उनके संबंधित दूतावासों की अनुमति से किया गया।

दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, आग की लपटों ने इमारत के बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और ऊपर की 5 मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे गर्मी और धुएं के कारण काफी नुकसान हुआ। फिलहाल घटना की जांच जारी है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement