पीएम मोदी और रोड्रिगेज के बीच अहम बैठक में आर्थिक और तकनीकी साझेदारी पर हुई व्यापक बात : विदेश मंत्रालय

नई दिल्ली, 4 जून । पांच दिवसीय दौरे पर भारत आईं वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने राष्ट्रीय राजधानी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विस्तृत और व्यापक बातचीत की। दोनों ने द्विपक्षीय संबंधों के पूरे दायरे की समीक्षा की और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक में विशेष रूप से ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य सेवाएं और ऑटोमोबाइल उद्योग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसरों पर मंथन हुआ। दोनों देशों ने इस बात पर भी जोर दिया कि आर्थिक और तकनीकी साझेदारी को और मजबूत किया जाए, ताकि दोनों देशों को दीर्घकालिक लाभ मिल सके।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, बातचीत के दौरान वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ। दोनों पक्षों ने इस बात पर सहमति जताई कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में दोनों देशों की भूमिका और सहयोग को मजबूत करना आवश्यक है।

बैठक में “ग्लोबल साउथ” के हितों को आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया। दोनों ने माना कि विकासशील देशों को एकजुट होकर आर्थिक स्थिरता, ऊर्जा सुरक्षा और विकास से जुड़े साझा लक्ष्यों पर काम करना चाहिए।

इससे पहले रोड्रिगेज भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी मिलीं। मुलाकात के बाद जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि वे नई दिल्ली में डेल्सी रोड्रिगेज से मिलकर खुश हैं और भारत-वेनेजुएला रिश्तों को मजबूत करने के उनके लंबे समय से चले आ रहे योगदान की वह बहुत कद्र करते हैं।

रोड्रिगेज बुधवार को पांच दिन के भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंची थीं। दौरे का मकसद दोनों देशों के संबंधों को और गहरा करना है। विदेश मंत्रालय ने 'एक्स' पर उनका स्वागत करते हुए कहा कि यह यात्रा भारत और वेनेजुएला के रिश्तों को और मजबूत करेगी और दोनों देशों के बीच साझेदारी में नई गति लाएगी।

भारत और वेनेजुएला की ऊर्जा और निवेश क्षेत्र में साझेदारी लंबी रही है। भारतीय सरकारी कंपनियों ने वहां ऊर्जा क्षेत्र में निवेश भी किया है और आगे सहयोग बढ़ाने की संभावना पर काम चल रहा है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement