गोवा से ज्यादा मनमोहक है ओडिशा का आर्यपल्ली बीच, नीला समंदर मोह लेगा मन

नई दिल्ली, 5 मार्च। भारत में कई ऐसे तटीय राज्य मौजूद हैं, जहां प्रकृति और समंदर दोनों के मनमोहक नजारे एक साथ देखने को मिल जाते हैं।  

तटीय क्षेत्र के मनमोहक नजारों का मजा लेने के लिए दक्षिण भारत का रुख करना पड़ता है लेकिन क्या आप जानते हैं कि प्रभु जगन्नाथ की भूमि ओडिशा में ऐसा हिडन प्लेस है, जहां गोवा से भी सुंदर नजारे देखने को मिल सकते हैं। हम बात कर रहे हैं आर्यपल्ली बीच की, जो अपनी खूबसूरती के लिए बहुत प्रसिद्ध है लेकिन अभी तक यहां ज्यादा टूरिस्ट नहीं आते हैं।

ओडिशा के प्रसिद्ध बीचों में एक आर्यपल्ली बीच शांत और सुंदर एकांत तट है, जहां समंदर की लहरें भी साफ सुनाई देती हैं। समंदर का साफ और नीला पानी शांति और सुकून का अनुभव देता है। समुद्र को करीब से देखने के लिए पुल भी बनाए गए हैं, जहां जाने पर ऐसा लगता है कि समुद्र की गोद में आ गए हैं। उफान मारती लहरें तनाव से मुक्ति दिलाती हैं और आसपास के प्रकृति के नजारे दिल जीतने के लिए काफी हैं।

आर्यपल्ली बीच ब्रह्मपुर के पास मौजूद शांत और खूबसूरत तट है। ब्रह्मपुर से 20 किलोमीटर की दूरी पर आर्यपल्ली बीच स्थित है। यहां तैराकी, सर्फिंग और धूप सेंकना जैसी कई गतिविधियां की जा सकती हैं। अगर आप बीच पर जाने का प्लान कर रहे हैं तो आर्यपल्ली बीच पर आपको गोवा से ज्यादा मजा आने वाला है क्योंकि सुनहरे रेतीले समुद्र तट और गहरा नीला समुद्र आपको गोवा में भी देखने को नहीं मिलेगा।

आर्यपल्ली बीच पर स्थानीय मछुआरे भी मौजूद होते हैं, जो पर्यटकों को समुद्र की यात्रा करवाते हैं और ओडिशा के इस खास स्थल के इतिहास से भी रूबरू कराते हैं। तट के आसपास ओडिशा के लोकल फूड का स्वाद भी आसानी से मिल जाता है। आर्यपल्ली बीच जाने के लिए सबसे अच्छा समय अक्टूबर से जून के बीच है। जून के महीने में मौसम भले भी गर्म रहता है लेकिन यहां का मौसम गर्मियों में भी ठंडक देने वाला होता है।

अगर आप रेलवे से ओडिशा की यात्रा कर रहे हैं तो आपको छत्तरपुर रेलवे स्टेशन नजदीक पड़ेगा। यहां से 8 किलोमीटर की दूरी पर ही आर्यपल्ली बीच है। इसके अलावा, बस की सुविधा से भी राष्ट्रीय राजमार्ग के माध्यम से यहां तक पहुंचा जा सकता है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement