दिल्ली में इंडिया ब्लॉक की बैठक, पीडीपी चीफ महबूबा मुफ्ती भी होंगी शामिल

नई दिल्ली, 6 जून । राजधानी दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में 8 जून को संभावित इंडिया ब्लॉक की बैठक में पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती भी शामिल होंगी।

आईएएनएस से बात करते हुए पीडीपी चीफ महबूबा मुफ्ती ने इस बात की पुष्टि की। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वह 8 जून को नई दिल्ली में होने वाली इंडिया ब्लॉक की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगी।

इससे पहले नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने भी आईएएनएस को बताया था कि उनकी पार्टी इस गठबंधन का हिस्सा है, इसलिए बैठक में या तो वह खुद या मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला शामिल होंगे।

महबूबा मुफ्ती की भागीदारी से इंडिया ब्लॉक की इस बैठक को जम्मू-कश्मीर की राजनीति के लिहाज से खास माना जा रहा है।

इंडिया ब्लॉक की इस बैठक में कांग्रेस, राजद, सपा, टीएमसी, टीवीके, समेत कई दलों के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। हाल ही में टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने भी इस बैठक में शामिल होने के लिए अपनी स्वीकृति दी। वह टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के साथ बैठक में शामिल होंगी।

दूसरी ओर, पीडीपी चीफ महबूबा मुफ्ती ने एम्स अवंतीपोरा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कश्मीर में स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा रही हैं, इसीलिए इस एम्स का शुरू होना बेहद जरूरी है। उन्होंने इस संबंध में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से भी बात की है।

इसकी जानकारी देते हुए महबूबा मुफ्ती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि मैंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से बात की और उनसे एम्स अवंतीपोरा में चल रहे काम में तेजी लाने का अनुरोध किया ताकि इसमें और देरी न हो। उन्होंने मुझे भरोसा दिलाया कि काम समय पर पूरा हो जाएगा। इसमें कोई शक नहीं कि यहां तैनात टीम दिन-रात मेहनत कर रही है, लेकिन जिस तरह से पूरे जम्मू-कश्मीर में स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा रही हैं, उसे देखते हुए एम्स अवंतीपोरा का जल्द चालू होना बहुत जरूरी है। इससे बहुत जरूरी राहत और अच्छी मेडिकल सेवाएं मिलेंगी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement