एनसीआर में फिलहाल भीषण गर्मी से राहत, अगले कई दिनों तक 40 डिग्री के आसपास रहेगा तापमान
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लोगों के लिए मौसम विभाग की ओर से राहत भरी खबर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आगामी कुछ दिनों तक एनसीआर में भीषण गर्मी से राहत बनी रहने की संभावना है।

नई दिल्ली, 6 जून । राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लोगों के लिए मौसम विभाग की ओर से राहत भरी खबर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आगामी कुछ दिनों तक एनसीआर में भीषण गर्मी से राहत बनी रहने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि फिलहाल अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा और इसके 40 डिग्री से अधिक जाने की संभावना कम है।
हालांकि इस दौरान मौसम पूरी तरह स्थिर नहीं रहेगा और कहीं-कहीं आंधी, गरज-चमक, बारिश तथा तेज सतही हवाएं चलने की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 6 जून को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।
7 जून को मौसम में आंशिक सुधार देखने को मिल सकता है। इस दिन अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। 8 जून को तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इस दिन मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है।
इसके बाद 9 जून, 10 जून और 11 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान क्रमशः 26, 27 और 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इन तीनों दिनों के लिए मौसम विभाग ने दिन के समय तेज सतही हवाएं चलने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने भले ही आगामी दिनों के लिए कोई औपचारिक चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन मौसम में लगातार बदलाव के संकेत दिए हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियों के कारण बिना चेतावनी के भी स्थानीय स्तर पर आंधी, धूल भरी हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश की स्थिति बन सकती है। ऐसे में लोगों को खुले क्षेत्रों, कमजोर ढांचों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। फिलहाल एनसीआर के लोगों को लू और भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
अगले कुछ दिनों तक तापमान नियंत्रित रहने के साथ-साथ मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, जिससे गर्मी का असर कुछ कम महसूस किया जा सकेगा।
Source: IANS
