सीएम रेवंत रेड्डी के काफिले के लिए नहीं रोका गया ट्रैफिक, आम वाहनों के बीच हुआ सफर

हैदराबाद, 7 मई । तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के काफिले ने गुरुवार को हैदराबाद में सामान्य ट्रैफिक के बीच सफर किया। यह फैसला मुख्यमंत्री द्वारा एक दिन पहले पुलिस अधिकारियों को दिए गए उस निर्देश के बाद लागू हुआ, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनके काफिले की आवाजाही के दौरान आम लोगों को रोका न जाए।

नई दिल्ली दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री का काफिला शमशाबाद स्थित राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा से जुबली हिल्स स्थित उनके आवास तक सामान्य यातायात के बीच पहुंचा। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों को पूरी तरह रोकने के बजाय एक लेन में आवाजाही जारी रखी।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि वीआईपी मूवमेंट के नाम पर लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि उनके काफिले की वजह से लोगों को लंबे समय तक सड़कों पर इंतजार नहीं करना चाहिए।

इस संबंध में तेलंगाना के डीजीपी सीवी आनंद ने बताया कि मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि राज्यभर में मुख्यमंत्री और अन्य वीआईपी के काफिलों के दौरान आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

बताया गया कि बुधवार को दिल्ली रवाना होते समय एयरपोर्ट के पास भारी ट्रैफिक जाम देखकर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई थी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों की लापरवाही पर कार्रवाई करने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि काफिले की व्यवस्था के कारण सामान्य यातायात बाधित न हो।

डीजीपी कार्यालय के अनुसार मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि विपरीत दिशा से आने वाले वाहनों को अनावश्यक रूप से न रोका जाए और ट्रैफिक प्रबंधन इस तरह किया जाए जिससे जनता को कम से कम परेशानी हो। उन्होंने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के भी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद डीजीपी आनंद ने राज्य के सभी कमिश्नरेट्स के लॉ एंड ऑर्डर और ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement