दीपावली पर उदयपुर में 200 फीट लंबा ‘लाइटिंग यूनिवर्स’ बना आकर्षण का

उदयपुर, 8 नवंबर । झीलों की नगरी उदयपुर में इस बार दीपावली पर रोशनी का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। शहर की यूआईटी पुलिया पर तैयार किया गया 200 फीट लंबा भव्य ‘लाइटिंग यूनिवर्स’ लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है। इस नजारे को देखने के लिए शहरवासियों के साथ-साथ दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों की भी भारी भीड़ उमड़ रही है।

दरअसल, उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) की ओर से इस दीपावली पर यूआईटी पुलिया पर विशेष लाइटिंग डेकोरेशन करवाया गया है। करीब 200 फीट लंबा, 50 फीट चौड़ा और 22 फीट ऊंचा यह लाइटिंग यूनिवर्स अपनी अनूठी बनावट और आकर्षक रोशनी से लोगों को मंत्रमुग्ध कर रहा है।

यहां पहुंचने वाले लोग इस खूबसूरत नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करने के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं। कोई सेल्फी ले रहा है तो कोई परिवार और दोस्तों के साथ तस्वीरें खिंचवा रहा है।

इस अद्भुत सजावट को देखने पहुंचीं पर्यटक प्रेरणा ने कहा कि ऐसा लग रहा है, जैसे पूरा ब्रह्मांड धरती पर उतर आया हो। वहीं, विपुल ने भी इस भव्य सजावट की जमकर सराहना की।

नाथद्वारा से आईं ज्योति पालीवाल ने कहा कि उदयपुर वैसे तो बेहद खूबसूरत शहर है, लेकिन दीपावली पर इस तरह की लाइटिंग ने इसकी खूबसूरती में चार चांद लगा दिए हैं। उन्होंने इस जगह को जन्नत जैसा बताते हुए कहा कि यहां से जाने का मन ही नहीं कर रहा। स्थानीय निवासी सिमरन ने भी इस शानदार सजावट की तारीफ की।

लाइटिंग यूनिवर्स को देखने के लिए उमड़ रही भीड़ के कारण यूआईटी पुलिया के आसपास यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ और वाहनों की आवाजाही से जाम के हालात बन रहे हैं। यातायात सुचारू रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भी मशक्कत करनी पड़ रही है।

इस दीपावली उदयपुर का यह लाइटिंग यूनिवर्स शहरवासियों और पर्यटकों के लिए खास आकर्षण बन गया है। झीलों, महलों और खूबसूरत वादियों के लिए मशहूर लेकसिटी की यह अनूठी सजावट दीपावली के उत्सव को और भी यादगार बना रही है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter