'एक अविस्मरणीय शाम', प्रधानमंत्री मोदी के घर आने पर चंद्रबाबू नायडू ने ऐसे जताया आभार

हैदराबाद, 10 मई । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के घर पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात की। नायडू ने इसको एक यादगार पल बताया और कहा कि इसको हमारा परिवार हमेशा संजोकर रखेगा। चंद्रबाबू नायडू ने एक पोस्ट में कहा कि आज हमारे आवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेजबानी करना हमारे लिए सम्मान और खुशी की बात थी। उनके स्नेह, आत्मीयता और उदार बातचीत ने इस अवसर को हम सभी के लिए वास्तव में खास बना दिया। मैं इस उदार भाव और आंध्र प्रदेश के विकास की राह में उनके निरंतर प्रोत्साहन और समर्थन के लिए उनका आभारी हूं।

प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस यात्रा के बारे में अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि हैदराबाद में, मैं आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के आवास पर गया और उनसे और उनके परिवार से मुलाकात की। उनसे मिलना और इतने विविध विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान करना हमेशा सुखद होता है।

चंद्रबाबू नायडू, उनकी पत्नी भुवनेश्वरी, उनके बेटे और राज्य मंत्री नारा लोकेश, बहू ब्राह्मणी और पोते देवांश ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया और उनसे बातचीत की।

प्रधानमंत्री मोदी ने चंद्रबाबू नायडू के घर स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।

इससे पहले, प्रधानमंत्री ने आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण के घर भी गए।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा कि आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण गारू के आवास पर गया और उनसे तथा उनके परिवार से मुलाकात की। पवन कल्याण गारू का हालचाल पूछा और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

प्रधानमंत्री के ट्वीट का जवाब देते हुए पवन कल्याण ने उनकी चिंता और स्नेह के लिए धन्यवाद दिया। जन सेना नेता ने लिखा कि आपने हमें जो यादें दी हैं, वे जीवन भर हमारे दिलों में बसी रहेंगी।

अभिनेता-राजनेता ने इसे अपने और अपने परिवार के लिए एक बेहद खास, सम्माननीय और यादगार अवसर बताया।

पवन कल्याण ने कहा कि उन्हें, उनकी पत्नी अन्ना कोनिडेला और उनके बच्चों कोनिडेला अकीरा नंदन, कोनिडेला आद्या, कोनिडेला पोलिना अंजनी और कोनिडेला मार्क शंकर के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।

उन्होंने कहा कि मेरे स्वास्थ्य के बारे में व्यक्तिगत रूप से पूछने के लिए उनका विनम्रतापूर्वक आना उनकी गर्मजोशी, स्नेह और मानवीय नेतृत्व को दर्शाता है। अपने व्यस्त कार्यक्रम और अपार जिम्मेदारियों के बावजूद, उन्होंने मिलने और अपना समर्थन देने के लिए समय निकाला, यह एक ऐसा भाव है जिसकी मैं तहे दिल से सराहना करता हूं और जिसे मैं संजो कर रखता हूं।

उपमुख्यमंत्री ने लिखा कि 19 अप्रैल को, उनकी सर्जरी के तुरंत बाद प्रधानमंत्री मोदी ने व्यक्तिगत रूप से उन्हें फोन करके उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा और इस कठिन समय में अपना हार्दिक आश्वासन और समर्थन दिया। अब, मेरी सेहत में सुधार के इस दौर में, आज मेरे आवास पर उनका आना मेरे लिए अपार दया और स्नेह का प्रतीक है, जिसे मैं हमेशा संजोकर रखूंगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर व्यक्ति को परिवार के समान मानते हैं, हमेशा जन कल्याण को अपने विचारों और कार्यों के केंद्र में रखते हैं, और यही बात उन्हें वास्तव में असाधारण बनाती है। राष्ट्र का नेतृत्व करने की विशाल जिम्मेदारी निभाते हुए भी, उनकी करुणा, व्यक्तिगत चिंता और लोगों के साथ भावनात्मक जुड़ाव वास्तव में प्रेरणादायक है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की चिंता, उनके दयालु शब्दों और हमारे साथ बिताए गए बहुमूल्य समय से मैं अत्यंत प्रभावित हूं। उनके असाधारण नेतृत्व और राष्ट्र की प्रगति के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के अलावा, उनकी विनम्रता, करुणा और लोगों के साथ व्यक्तिगत जुड़ाव भारत भर में लाखों लोगों को प्रेरित करता रहता है। उनका आशीर्वाद, मार्गदर्शन और स्नेहपूर्ण समर्थन मेरे लिए हमेशा खास रहेगा। इस यादगार यात्रा और उनके निरंतर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement