नीति आयोग की बैठक में हिस्सा लेंगे कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार

नई दिल्ली, 10 जून । कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार गुरुवार को नीति आयोग की बैठक में हिस्सा लेंगे, जिसकी अध्यक्ष पीएम मोदी करेंगे।

इस बैठक को लेकर मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि गुरुवार को नीति आयोग की बैठक है। सभी मुख्यमंत्रियों को बुलाया गया है। यह पहली बार होगा, जब मैं नीति आयोग की बैठक में शामिल होऊंगा।

उन्होंने बताया कि दिल्ली में तैनात अपने राज्य के अधिकारियों से सुझाव मांगे। हमने चर्चा की कि कर्नाटक के फायदे के लिए उनकी विशेषज्ञता का इस्तेमाल कैसे किया जाए और उनसे मार्गदर्शन मांगा। कुछ समय पहले जो सिस्टम था, उससे मैं संतुष्ट नहीं था। दूसरे राज्य केंद्र सरकार की योजनाओं का बेहतर इस्तेमाल कर रहे हैं, और हमें भी ऐसा ही करना चाहिए। मुझे इस बात पर भी चर्चा करनी है कि हमारे किन प्रोजेक्ट्स को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। मैंने उन्हें आगे की चर्चा के लिए बुलाया है। इसके बाद, मैं एक और बैठक करूंगा। मेरा मानना ​​है कि हमें रिटायर हो चुके अधिकारियों के अनुभव और सेवाओं का भी इस्तेमाल करना चाहिए। मैंने इसे लागू करना शुरू भी कर दिया है। मैं सब कुछ नहीं बता सकता। मैं कांग्रेस का कार्यकर्ता और मुख्यमंत्री हूं। मुझे जो भी कहना होगा, मैं उसे सबके सामने और खुलकर कहूंगा।

इसी बीच, उन्होंने बताया कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की और बेंगलुरु में आवागमन को बदलने और कर्नाटक के विकास के अगले चरण को गति देने वाले प्रमुख बुनियादी ढांचा प्रोजेक्ट्स के लिए जल्द मंजूरी मांगी। हमने अर्बन चैलेंज फंड के तहत लंबित प्रस्तावों, बेंगलुरु मेट्रो के विस्तार, डबल डेकर कॉरिडोर, दूसरे चरण की संशोधित लागत, तीसरे चरण और बेंगलुरु को पड़ोसी विकास केंद्रों से जोड़ने वाले रीजनल रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम पर चर्चा की। ये पहल भीड़भाड़ कम करेंगी, कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगी और एक आधुनिक, टिकाऊ और भविष्य के लिए तैयार कर्नाटक बनाने में मदद करेंगी।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बताया कि उन्होंने नई दिल्ली में 10 जनपथ पर सीपीपी चेयरपर्सन सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि हमारी बातचीत लोगों के कल्याण, समावेशी विकास और एक मजबूत व समृद्ध कर्नाटक और भारत के निर्माण की हमारी सामूहिक जिम्मेदारी पर केंद्रित रही।

उन्होंने एनएसयूआई और भारतीय युवा कांग्रेस के नेताओं और सदस्यों से नई दिल्ली में उनके कार्यालयों में मुलाकात की।

सीएम ने कहा कि एक युवा एनएसयूआई सदस्य के रूप में, मैंने सार्वजनिक जीवन में अपनी आकांक्षाओं को सीखने, बढ़ने और पोषित करने में कई सुबह और शामें यहां बिताईं। आज के युवा नेताओं की ऊर्जा, अनुशासन और प्रतिबद्धता देखकर प्रसन्नता भी हुई और प्रेरणा भी मिली। मेरे लिए यह जगह बेहद खास है क्योंकि इसने मेरी यात्रा और उन मूल्यों को आकार दिया है जो मैं आज तक अपना रहा हूं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement