राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 12-13 जून को उत्तराखंड दौरे पर, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 12 से 13 जून तक उत्तराखंड के दौरे पर रहेंगी। उनके दौरे को लेकर देहरादून में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

नई दिल्ली, 11 जून । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 12 से 13 जून तक उत्तराखंड के दौरे पर रहेंगी। उनके दौरे को लेकर देहरादून में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रपति 13 जून को देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में आयोजित होने वाली 158वें रेगुलर कोर्स और 141वें टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स की पासिंग आउट परेड (दीक्षांत परेड) का निरीक्षण करेंगी।
राष्ट्रपति की मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ यातायात संचालन को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान भी जारी किया गया है।
देहरादून पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए बताया कि 13 जून को आईएमए पासिंग आउट परेड के दौरान सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक यातायात डायवर्ट रहेगा। इस दौरान आईएमए क्षेत्र को पूरी तरह जीरो जोन घोषित किया जाएगा और किसी भी प्रकार का सामान्य यातायात आईएमए की ओर नहीं जाने दिया जाएगा।
ट्रैफिक प्लान के अनुसार, बल्लूपुर से प्रेमनगर की ओर जाने वाले वाहनों को रांघड़वाला तिराहे से मिठी बेरी होते हुए प्रेमनगर भेजा जाएगा। वहीं प्रेमनगर से शहर की ओर आने वाले छोटे वाहनों को प्रेमनगर चौक से एमटी गेट के अंदर होते हुए मिठी बेरी गेट और रांघड़वाला के रास्ते शहर की ओर भेजा जाएगा।
इसके अलावा सेलाकुई और भाऊवाला की ओर से आने वाले सभी भारी वाहनों को धूलकोट तिराहे से सिंघनीवाला होते हुए नया गांव के रास्ते शहर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। देहरादून से विकासनगर की तरफ जाने वाले भारी वाहनों को शिमला बाईपास से मोड़कर विकासनगर-धर्मावाला मार्ग पर भेजा जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक प्लान की जानकारी अवश्य लें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। साथ ही यह भी बताया गया है कि यातायात के दबाव और सुरक्षा आवश्यकताओं के अनुसार डायवर्जन की समयावधि में बदलाव किया जा सकता है।
Source: IANS

