पटना में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने मनाया भाई दूज का त्योहार, बोले-

पटना, 11 नवंबर । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को बिहार के पटना में स्थित अपने आवास पर भाई दूज का त्योहार मनाया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में पर्वों का विशेष महत्व है और भाई दूज भाई-बहन के स्नेह, संकल्प और अटूट रिश्ते का पर्व है। उनकी बहनों ने भी उनके स्वास्थ्य, तरक्की और खुशहाली के लिए प्रार्थना की।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा, "भारतीय परंपराओं और भारतीय संस्कृति में पर्वों का एक अलग महत्व है। हर पर्व का संबंध परिवार से भी होता है और समाज से भी। जहां एक ओर चित्रगुप्त पूजा हम पूरे समाज के साथ मिलकर मनाते हैं, वहीं भाई दूज भाई-बहनों के बीच के स्नेह, संकल्प और अटूट रिश्ते का पर्व है। यह एक ऐसा अवसर है जब बहन हमेशा अपने भाई के सुख, समृद्धि और दीर्घायु के लिए प्रार्थना करती है। जीवन के किसी भी चरण में भाई कहीं भी हो, बहन की दुआ और प्रार्थना उसके लिए एक कवच की तरह साथ रहती है।"

उन्होंने कहा कि वे मानते हैं कि भाई-बहन का संबंध चाहे राखी का हो या भाई दूज का, यह एक अटूट रिश्ता है। इस रिश्ते की कोई परिभाषा नहीं होती। यही प्रेम, विश्वास और अपनापन इसे इतना विशेष बनाते हैं।

नितिन नवीन की बहन नवविनीता ने कहा, "मैंने नितिन नवीन के लिए जो दुआ मांगी थी, वह बहुत सफल रही है। मैं तो 23 साल बाद आई हूं और कई साल बाद मैंने यह पूजा साथ में की है। बस यही कामना करती हूं कि वे हमेशा स्वस्थ रहें, तरक्की करते रहें और खुश रहें।"

उनकी दूसरी बहन नवीता ने कहा कि प्यार हमेशा बना रहे, हमेशा भगवान का आशीर्वाद मिलता रहे, बस काफी है। प्रार्थना बिल्कुल साकार हुई। मैं भगवान से यही प्रार्थना करती हूं कि वे स्वास्थ रहें, हमेशा खुश रहें और जीवन में आगे बढ़ते रहें।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाई दूज के अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी और समाज में सुख-समृद्धि की कामना की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी ने लिखा, "भाई दूज पर देशभर के मेरे सभी परिवारजनों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह पावन पर्व भाई-बहन के बीच प्रेम और गहरे रिश्ते की मिठास और गर्मजोशी का प्रतीक है।" उन्होंने आगे कहा कि इस शुभ अवसर पर मैं सभी को सुख-समृद्धि की कामना करता हूं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter