बांदा के जंगल में युवक का लहूलुहान शव मिलने से सनसनी, कनपटी पर लगी थी

बांदा, 11 नवंबर । उत्तर प्रदेश में बांदा के जसपुरा थाना क्षेत्र में कस्बे से सटे जंगल में मंगलवार देर रात एक युवक का लहूलुहान शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के सिर में कनपटी के पास गोली लगी थी। घटनास्थल पर शव के पास 315 बोर का तमंचा, एक खोखा और कारतूस बरामद हुआ है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब आठ बजे कुछ ग्रामीण कस्बे से भुरवा नाले की ओर गए थे। इसी दौरान उन्हें जंगल में एक युवक का शव लहूलुहान हालत में पड़ा दिखाई दिया। युवक के सिर में कनपटी के पास गोली लगने का निशान था। शव के पास ही एक तमंचा, कारतूस और खोखा पड़ा मिला। यह देखकर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही जसपुरा थाना प्रभारी राधाकृष्ण तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। कुछ देर बाद सीओ सदर प्रतीक्षा सिंह भी मौके पर पहुंचीं। फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया गया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल की जांच की।

प्रथम दृष्टया पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, हालांकि हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। मृतक की पहचान हमीरपुर जनपद के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के धुंधपुर गांव निवासी अंशु पुत्र विजय बहादुर के रूप में हुई है। युवक की उम्र को लेकर शुरुआती जानकारी में 20 वर्ष, जबकि पुलिस को मिली जानकारी में 22 वर्ष बताई गई है।

पुलिस ने मृतक की पहचान कर उसके परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। युवक हमीरपुर जनपद का निवासी होने के कारण पुलिस परिजनों से भी पूछताछ कर रही है। वह जंगल में किसके साथ गया था और इससे पहले भी जाता था या नहीं। साथ ही, उसका किसी से कोई विवाद था या नहीं।

पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से तमंचा, खोखा और कारतूस मिलने के आधार पर प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter