'यू आर द वन': जब आशा भोसले और ब्रेट ली की जुगलबंदी ने क्रिकेट और संगीत प्रेमियों को रोमांचित कर दिया था

मुंबई, 12 अप्रैल। हिंदी सिनेमा की मशहूर और दिग्गज पार्श्व गायिका आशा भोसले का निधन रविवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में हो गया। वह 92 साल की थीं। संगीत में अपने प्रयोग के लिए जानी गई आशा भोसले ने 20 से अधिक भाषाओं में 12,000 से अधिक गाने गाए। संगीत के साथ-साथ क्रिकेट जगत से भी उनका गहरा नाता रहा। 

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली के साथ आशा भोसले ने 'यू आर द वन' गाना भी गाया था। यह गाना हिंदी और अंग्रेजी में था। हिंदी शब्द आशा भोसले ने, जबकि अंग्रेजी शब्द ब्रेट ली ने गाया था। आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2006 के दौरान में रिलीज हुए इस गाने को ब्रेट ली ने ही लिखा था।

आशा भोसले की खनकदार आवाज में यह गाना भारत में सुपरहीट हुआ था और अभी भी यूट्यूब पर संगीत प्रेमियों के बीच काफी लोकप्रिय है।

दिग्गज और महान गायिका के प्रशंसकों में क्रिकेट के मैदान में भगवान का दर्जा रखने वाले सचिन तेंदुलकर भी शामिल हैं। आशा भोसले तेंदुलकर को क्रिकेट का सबसे बड़ा कलाकार कहती थीं। वह अक्सर क्रिकेट या संगीत से जुड़े इवेंट में तेंदुलकर के साथ नजर आती थीं।

आशा भोसले की तबीयत पिछले कुछ समय से खराब चल रही थी। तबियत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें मुंबई अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके निधन के बाद अस्पताल के डॉक्टर प्रतीत समदानी ने कहा कि मल्टी ऑर्गन फेलियर की वजह से उनका निधन हो गया।

उनके बेटे आनंद ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि सोमवार सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अंतिम दर्शन होंगे और 4 बजे शिवाजी पार्क में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

आशा भोसले के गाए सर्वाधिक लोकप्रिय गानों में पिया तू अब तो आजा, दम मारो दम, ये मेरा दिल, चुरा लिया है तुमने, इन आंखों की मस्ती के, और दिल चीज क्या है प्रमुख हैं।

फिल्मी दुनिया और संगीत के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें दादा साहेब फाल्के पुरस्कार, पद्म विभूषण, राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और कई फिल्मफेयर अवॉर्ड्स से नवाजा गया था।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement