दलाई लामा की घुटने की सर्जरी सफल रही, अस्पताल से मिली छुट्टी

नई दिल्ली, 12 जून । तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा की बाएं घुटने की सफल रिप्लेसमेंट सर्जरी के बाद उनकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है। इसके साथ ही, उन्हें अस्पताल से भी छुट्टी मिल गई है। दलाई लामा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपने स्वास्थ्य को लेकर यह अपडेट साझा किया है।

चिकित्सकों ने बताया कि वर्तमान प्रक्रिया के बाद उनकी स्थिति स्थिर है और स्वास्थ्य में सुधार जारी है। चिकित्सकों ने बताया कि अस्पताल के मेडिकल, नर्सिंग और प्रशासनिक स्टाफ ने उनके उपचार में उत्कृष्ट देखभाल प्रदान की है।

इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल, नई दिल्ली के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. राजेश मल्होत्रा के अनुसार, परम पूज्य दलाई लामा की बाएं घुटने की रिप्लेसमेंट सर्जरी सोमवार, 8 जून को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। उपचार के दौरान दलाई लामा की निजी चिकित्सा टीम और उनके कार्यालय ने अपोलो अस्पताल के प्रशासनिक एवं चिकित्सकीय कर्मचारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा।

डॉ. मल्होत्रा ने बताया कि दलाई लामा की स्थिति स्थिर है और उनके पूरी तरह स्वस्थ होने की उम्मीद है। उन्हें शुक्रवार, यानी 12 जून को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उन्होंने कहा कि दलाई लामा की सेवा करने का अवसर अस्पताल और चिकित्सा दल के लिए अत्यंत सम्मान की बात रही। हम पर जताए गए विश्वास और भरोसे के लिए आभारी हैं और दलाई लामा की चिकित्सा देखभाल में योगदान देने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।

इससे पहले, जून 2024 में दलाई लामा ने न्यूयॉर्क सिटी के हॉस्पिटल फॉर स्पेशल सर्जरी में दाएं घुटने का सफल प्रत्यारोपण कराया था, जिसके बाद उनकी रिकवरी अच्छी रही थी।

आपको बताते चलें, पिछले काफी समय से दलाई लामा हिमाचल प्रदेश के मैकलोडगंज में ही रह रहे हैं। वर्ष 1959 में तिब्बत छोड़ने के बाद से वो भारत में शरण लिए हुए हैं और उन्होंने धर्मशाला को अपना स्थायी निवास बनाया है।

धर्मगुरु दलाई लामा अपने घुटने के दर्द से काफी समय से परेशान चल रहे थे। घुटने की सर्जरी करवाने के बाद दलाई लामा जून के अंत में लद्दाख जाएंगे। वहां वे एक विस्तारित अवधि तक प्रवास करेंगे। लद्दाख में उनके कार्यक्रमों और प्रवास की विस्तृत जानकारी बाद में जारी की जाएगी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement