देहरादून के कार्यक्रम में जनता-जनार्दन के उत्साह और उमंग से अभिभूत हूं: प्रधानमंत्री मोदी

नई दिल्ली, 14 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर के एलिवेटेड सेक्शन पर वाइल्डलाइफ कॉरिडोर की समीक्षा की, जिसके बाद वह उत्तराखंड के देहरादून रवाना हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने इस अनुभव को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया है। 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सहारनपुर में भारी संख्या में आए अपने परिवारजनों के अपार समर्थन और आशीर्वाद ने एक नई ऊर्जा से भर दिया। वहीं, देहरादून के प्रसिद्ध जय मां डाट काली मंदिर में दर्शन और पूजन का सौभाग्य मिला। देवी मां से सभी देशवासियों की सुख-समृद्धि और आरोग्यपूर्ण जीवन की कामना की।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर बने वाइल्डलाइफ एलिवेटेड कॉरिडोर को देखने का सुअवसर मिला। इससे वन्यजीवों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित होने के साथ ही पर्यटन और व्यापार के लिए भी नए अवसर बनेंगे।

पीएम मोदी ने कहा कि देहरादून में उत्तराखंड के मेरे भाई-बहनों का अभूतपूर्व जोश और उत्साह बता रहा है कि वे डबल इंजन सरकार में हो रहे तेज विकास से कितने खुश हैं। देहरादून के कार्यक्रम में जनता-जनार्दन के उत्साह और उमंग से अभिभूत हूं।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए उत्तराखंड के विकास, कनेक्टिविटी, सामाजिक न्याय और महिला सशक्तीकरण पर अपनी बात रखी।

दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसे कॉरिडोर केवल सड़क नहीं होते बल्कि ये विकास के नए द्वार खोलते हैं। ये नए व्यापार, उद्योग, गोदाम और फैक्ट्रियों के लिए रास्ता तैयार करते हैं। इस कॉरिडोर से पूरे क्षेत्र का कायाकल्प होने की उम्मीद है और लोगों के लिए नई संभावनाएं पैदा होंगी।

अपने संबोधन की शुरुआत में प्रधानमंत्री ने कहा कि इस समय देश में त्योहारों की खुशी और नववर्ष का उत्साह है। उन्होंने सभी नागरिकों को वैसाखी, बोहाग बिहू और पुथंडु की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Source: IANS

Advertisement

Get Newsletter