दिल्ली के गोविंदपुरी की बिल्डिंग में साजिश के तहत लगाई गई थी आग,

नई दिल्ली, 14 जून । दिल्ली के तुगलकाबाद में टीकेडी एक्सटेंशन की गली नंबर 1 में स्थित बिल्डिंग में शुक्रवार देर रात आग लगने से तीन लोगों की मौत मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक बिल्डिंग में आग लगाई गई थी, जिससे ग्राउंड फ्लोर से लेकर पांचवीं मंजिल तक पूरी इमारत आग की चपेट में आ गई थी। इस अग्निकांड में 7-8 मोटरसाइकिलें और कारें जल गईं थी। दिल्ली अग्निशमन विभाग को शुक्रवार देर रात 2:27 बजे सूचना मिली और तब आग बुझाने का काम शुरू किया गया था।

इस दर्दनाक घटना में आठ लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। इन सभी घायलों को एम्स के ट्रॉमा सेंटर और सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। यहां इलाज के दौरान पंकज पांडे, सुशीला देवी और सोनिया पांडे की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में आग लगने से कुछ समय पहले एक महिला को परिसर में घुसते हुए देखा गया था। पुलिस की जांच में पाया गया कि यह आग जानबूझकर लगाई गई थी।

जांच के दौरान नवजीवन कैंप की रहने वाली 17 साल की एक नाबालिग लड़की की पहचान की गई और उसे पकड़ा गया। उसने बताया कि गिरिनगर की रहने वाली 27 साल की सरिता ने उसे उकसाया था और पैसे के विवाद को लेकर दीपक (जो उसी बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल पर रहता था) की स्कूटी में आग लगाने के लिए पेट्रोल और माचिस दी थी।

इसके बाद पुलिस ने सरिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सरिता ने खुलासा किया कि यह साजिश नवजीवन कैंप के रहने वाले निरंजन (33) और उसके भाई राजकुमार (27) के कहने पर रची गई थी, ताकि एक निजी विवाद का बदला लिया जा सके। इसके तहत बाद पुलिस ने नाबालिग लड़की को हिरासत में लेते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।

इससे पहले 3 जून को दिल्ली के मालवीय नगर में एक रेस्टोरेंट में आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई थी, जिसमें विदेशी नागरिक भी शामिल थे।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter