दिल्ली मेट्रो को सर्वोच्च राजभाषा-सम्मान: कीर्ति पुरस्कार

नवी मुंबई/नई दिल्ली, 14 सितंबर । दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) को राजभाषा के प्रगामी प्रयोग एवं प्रभावी कार्यान्वयन के लिए भारत सरकार के प्रतिष्ठित राजभाषा कीर्ति पुरस्कार (प्रथम पुरस्कार) से लगातार दूसरी बार सम्मानित किया गया है।

यह सम्मान सोमवार को सिडको एग्जीबिशन सेंटर, नवी मुंबई में आयोजित हिंदी दिवस समारोह एवं छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन के अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा दिल्ली मेट्रो के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार ने ग्रहण किया।

प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान हिंदी को प्रशासन, तकनीकी कार्यों, प्रशिक्षण, डिजिटल मंचों और जनसेवा के अधिक सक्षम माध्यम के रूप में विकसित करने की नई प्रेरणा देते हैं। उन्होंने इस प्रतिष्ठित सम्मान को दिल्ली मेट्रो के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों का हिंदी के प्रति समर्पण और सतत परिश्रम का प्रतिफल करार देते हुए इसे दिल्ली मेट्रो के समस्त कार्मिकों को समर्पित किया और उन्हें बधाइयां दी।

इस अवसर पर संस्था के निदेशक वित्त अजीत शर्मा और महाप्रबंधक मानव संसाधन जयश्री शर्मा तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी गण भी मौजूद रहे।

दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन (डीएमआरसी) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया गया कि दिल्ली मेट्रो को, राजभाषा कार्यान्वयन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए, भारत का सर्वोच्च राजभाषा-सम्मान "कीर्ति पुरस्कार" (प्रथम पुरस्कार) से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार लगातार दूसरे वर्ष, आज दिनांक 14 सितंबर 2026 को, वाशी, नवी मुंबई में आयोजित हिंदी दिवस समारोह एवं छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन के दौरान गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के कर-कमलों से, दिल्ली मेट्रो के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार को प्रदान किया गया। इस अवसर पर दिल्ली मेट्रो के निदेशक (वित्त), मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter