सीएम सुवेंदु अधिकारी की पहल पर लगी मुहर, पश्चिम बंगाल को रेलवे की तीन

नई दिल्ली, 15 मई । रेल मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल के लिए तीन नई रेलवे परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इस संबंध में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को पत्र भेजकर जानकारी दी है।

रेल मंत्रालय की ओर से मंजूर की गई परियोजनाओं में नई रेल लाइन, सर्वे और रेल कनेक्टिविटी से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

पहली परियोजना के तहत शालबनी-आद्रा तीसरी रेल लाइन, जो करीब 107 किलोमीटर लंबी है, के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे (एफएलएस) और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने को मंजूरी दी गई है। यह परियोजना क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी।

दूसरे पत्र में बताया गया है कि रेल मंत्रालय ने कोलकाता (संतरागाछी) से जयपुर (खातीपुरा) के बीच नई ट्रेन संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस वाया खड़गपुर के परिचालन को मंजूरी दी है।

तीसरी परियोजना के अंतर्गत न्यू जलपाईगुड़ी से सिलीगुड़ी जंक्शन के बीच लगभग 7.15 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन (दोहरीकरण) के सर्वे कार्य को मंजूरी दी गई है। इससे उत्तर बंगाल क्षेत्र में रेल यातायात और कनेक्टिविटी को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

रेल मंत्रालय की इन घोषणाओं को पश्चिम बंगाल के बुनियादी ढांचे और रेल नेटवर्क विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

बता दें कि पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा की सरकार बनी है और सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण किया है। माना जा रहा है कि केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी की सरकार होने से बंगाल में विकास की गति बढ़ेगी और आने वाले दिनों में विभिन्न परियोजनाएं देखने को भी मिलेंगी।

खासकर ऐसी परियोजना या योजना जो पिछली टीएमसी सरकार के कार्यकाल में लागू नहीं हो पाई थीं। इनमें केंद्र सरकार की कई योजनाएं शामिल हैं, जिनसे आम लोग सीधे तौर पर लाभांवित होंगे।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter