अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था का सीआईएसएफ प्रमुख ने लिया जायजा, सभी एजेंसियों संग की उच्चस्तरीय बैठक
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के महानिदेशक प्रवीर रंजन ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जम्मू पहुंचकर श्री अमरनाथ जी यात्रा-2026 के लिए की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण किया।।

जम्मू, 15 जुलाई । केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के महानिदेशक प्रवीर रंजन ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जम्मू पहुंचकर श्री अमरनाथ जी यात्रा-2026 के लिए की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाओं, अग्नि सुरक्षा, लॉजिस्टिक व्यवस्था और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय की विस्तार से समीक्षा की, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, सुचारु और सुविधाजनक बनी रहे।
महानिदेशक ने भगवती नगर बेस कैंप, जॉइंट पुलिस कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कंट्रोल रूम और तवी रिवर फ्रंट का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर तैनात सुरक्षा कर्मियों से बातचीत कर उनकी तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही अमरनाथ यात्रा पर आए श्रद्धालुओं से भी संवाद किया और उनकी सुविधाओं एवं सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान प्रवीर रंजन ने जमीन पर लागू सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और जवानों को हर समय पूरी तरह सतर्क रहने, किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने तथा सभी संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
इसके बाद सीआईएसएफ महानिदेशक ने एक उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी की। इस बैठक में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ), जम्मू-कश्मीर पुलिस, इंटेलिजेंस ब्यूरो, भारतीय सेना और यात्रा से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान अमरनाथ यात्रा की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था, विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। महानिदेशक ने सभी सुरक्षा बलों की प्रतिबद्धता, पेशेवर कार्यशैली और आपसी समन्वय की सराहना की।
उन्होंने विश्वास जताया कि सभी सुरक्षा एजेंसियां इसी तरह मिलकर काम करती रहेंगी, जिससे श्री अमरनाथ जी यात्रा-2026 सुरक्षित, शांतिपूर्ण, सुचारु और पूरी तरह घटनामुक्त तरीके से संपन्न हो सकेगी।
Source: IANS

